अपनी बात ' शिवोहँ' या फिर ' अहं बृहास्मि ' के इस संसार में मानव जो ईश्वर के सारे तत्व लेकर पैदा हुआ है यदि अपनी शक्ति को पहचानते हुए, आसपास से सामंजस्य बिठा सके...कुंठित न हो या खुद को प्रदूषित न करे, तो संभावनाओं का अंत नहीं। जरूरत है तो बस ...खुद से साक्षात्कार... एक समग्र दृष्टिकोण की। शांत उस एकांत की, जहाँ हर तनाव से मुक्ति मिल सके और तन-मन दोनों ही कुँठा-मुक्त हो पाएँ। इस मनोवृत्ति के साथ आज के युग की बहुत सी बीमारियाँ जैसे रक्तचाप आदि से भी छुटकारा पाया जा सकता है ! एकांत की आजके व्यस्त जीवन में असंख्य उपयोगिताएँ हैं...जरूरत बस खुद के साथ चलने...किसी भी अन्य चीज की तरह, खुद को, अपनी जरूरतों को, अपने स्वभाव को धैर्य के साथ भलीभांति समझने की है।
किसी सूफी कवि ने लिखा था कि ' जहाँ मैं चुप हो जाऊँ, वहाँ से आकर मुझे सुनो'। यहाँ वह बात सुनने की नहीं, जुड़ने की कर रहा है। जब जुड़ते ङैं तो एकात्मकता खुद ही आ जाती है और हमारी सोच भी सकारात्मक हो जाती है। प्रिय की बातें अच्छी लगती है क्योंकि उसका साथ भाता है और मन उससे पूर्णतः संतुष्ट है। स्नेह, आक्रोश क्या, उसका तो मौन तक भाता है और यदि मन न मिले तो प्रिय-से-प्रिय संवाद भी कड़कड़ ध्वनि ही तो करते रह जाते हैं। स्पष्ट शब्दों में कहा जाए तो, सुनने और समझने के लिए प्रायः ध्वनि-समूह या वाणी ही पर्याप्त नहीं, मनःस्थिति भी एक अहं पात्र निभाती है। याद आ रही है खुद की ही लिखी एक क्षणिकाः
तू ही नहीं, तेरा परिवेश बोलता है
ढूँढ लाता है मन नित नए संदर्भ
और मेरा चेहरा ...
तेरे आइने में खो जाता है।।
अभिव्यक्ति जब तीव्र हो या भावों का बाहुल्य हो तो शब्दों का गूँगे हो जाना स्वाभाविक है। यदि समग्र और सूक्ष्म दृष्टि हो परखने और सुनने के लिए तो हम ही नहीं, हमारे आसपास की हर चीज, पूरी प्रकृति...जड़, चेतन सभी संवाद करते रहते हैं और मौन को भी सुना व समझा जा सकता है। एकाग्रता और तारतम्य के उस अनूठे पल में बैठा इन्सान स्व से निकलकर समस्त से जुड़ जाता है...धरती सा भीगता, आसपास का सब सोखता, चुपचाप कई-कई रंगों में खिलआता है।
हमारे ऋषि मुनि इसी शान्ति को ढूँढते जंगल-जंगल और पहाणों पर भटकते फिरते थे और वह भी तब जब जीवन इतना व्यस्त या उलझा हुआ भी नहीं था। भौतिकता के अजगर ने हमें इस हद तक निगला नहीं था। स्व से साक्षात्कार या रचयिता की तलाश में संसार छोड़े ये एकान्त-प्रेमी मनस्वी सृष्टि और मन के रहस्यों पर सोचते-विचारते जीवन के मूल्यों का मनन किया करते थे और फिर निस्वार्थ भाव और उतनी ही तन्मयता से, अपने शिष्य व संसार के साथ बांटते भी थे।
सन्यास लेकर या एकांत में जाकर बसे ये व्यक्ति संसार से कटते नहीं थे, वरन् और भी जुड़ जाते थे। स्व से निकलकर समस्त हो जाते थे। आजभी आदान-प्रदान से ही सृष्टि आगे बढ़ पाएगी और यही प्रकृति का नैसर्गिक नियम भी है, पर जब हर आदमी ही खुद में डरा और अंसतुष्ट है अपनी ही सुरक्षा सीमा की लाइनें खींचने में लगा है तो फिर दूसरे पर विश्वास कैसे करपाए और दूसरों के साथ कैसे कुछ बांट पाए?
शून्य का अर्थ भारतीय दर्शन में कभी रिक्तता नहीं, संपूर्णता ही रहा है; एक ऐसी सम्पूर्णता या तृप्ति जिसके बाद कुछ भी शेष नहीं रहपाता, ना तो इच्छा ही और ना ही उपलब्धि... पर भावों और समझ के इस सुगढ़ तालमेल के लिए सोच और समझ, दोनों ही चाहिएँ और आज के इस आपाधापी भरे जीवन में दोनों का ही अभाव है। न तो समय है किसी के पास और ना ही चाह। उहापोह व चिन्ताओं से भरे उद्विग्न चित्त में इतनी शान्ति ही नहीं रह पाती कि खुद अपने मन तक की बात सुनी या समझी जा सके...अन्तरात्मा की बात सुनना या फिर आसपास की, दूसरों की जरूरतों को सुनना समझना तो वैसे भी बहुत दूर की बात हो जाती है।
निश्छलता और सहजता आज पीछे छूट चुकी है। खुद अपनी पहचान तक अनजान होती जा रही है। एक अंधी दौड़ में भागते, किधर जा रहे हैं या जाना है, शायद ही किसी को पता हो। बड़ों की तो छोड़िए बच्चों तक से बचपन छिनता जा रहा है। प्रतिस्पर्धा की दौड़ में हाँफते मां-बाप पहले दो तोतले शब्द सुनते ही उन्हें यथार्थ की चक्की में झोंक देते हैं। डेढ़ से लेकर दो साल की उम्र से ही जीवन की दौड़ पाठशालाओं के चक्कर लगाने शुरु कर देती है। बेफिक्र खेल की उम्र में सवाल-जबाब, प्रतिस्पर्धा और परिणामों के दुरूह जंगल में भटका देती है। औरफिर रही सही कसर चौबीसों घंटे आती अनर्गल टी.वी. की चैनल पूरी कर देती हैं। अब प्रकृति और जीवन को देखने-समझने का, आनन्द लेने का वक्त किसके पास है... ठहरे तो दूसरे जो आगे निकल जाएंगे!
अकेलापन कितना सुहाना है, यह कोई कवि, प्रेमी, योगी, चित्रकार या संतुष्ट ही बता सकता है, जिसकी विस्मित और जिज्ञासु आखों के आगे बदलियों में घुमड़ता आकाश हो या चांद-तारों से झिलमिल दोनों ही सुन्दर और रहस्यमय हैं। समृति की सुखद शहनाई पर थिरकता इनका मन पल-पल ही नई-नई राहों पर चल पड़ता है। पैरों के नीचे की नम दूब हो या आँखों के आगे फैली सुनहरी धूप...पूरा ही संसार तो सुन्दर व चित्रमय है; क्योंकि निराश से निराश पलों में भी, अभिन्न संगिनी आशा और प्रेरणा जो साथ हैं उनके। पूरा जीवन ही मानो एक पाठशाला है जहाँ छोटी-से-छोटी घटना पलपल कुछ-न-कुछ सिखाती चलती है...कुछ ले या दे जाती है। कली-कली किलक-किलक के हर सुबह गुदगुदाती है और मस्त पवन पे खुशबू-सा सवार मन हर रात ही कुलाचें मार स्वप्नलोक तक बिचर आता है...अभिष्ट पा लेता है। और यही अकेलापन कितना सूना और डरावना भी हो सकता है, यह किसी अकेले और निराश आदमी से पूछना होगा हमें, जिसके एकाकी संसार की सारी हलचलें खुद उसी के अंतस के कोलाहल में खोयी रहती हैं। सारे शब्द, सारी उमंगें, सुख-चैन मानो आत्महत्या-सी कर लेते हैं। और हताश्, विक्षिप्त-सा वह तिनके-तिनके का सहारा ढूँढता, बस वहीं तो डूबता- उबरता रह जाता है।
संसार की किसी भी वस्तु की तरह अकेलेपन या एकान्त के भी दो पहलू हैं...कौन सा छुएगा यह तत्कालीन मनःथिति पर ही निर्भर करता है। रंगों का और भावों का बहुरंगी ' पैलेट' है सदा ही इन आँखों के आगे। मन की तूलिका किस रंग में डूबेगी और किस तस्बीर को उकेरेगी, उसे ही तो आँखें देख पाएँगी! पर ये स्थितियाँ... ये परिणाम भी तो प्रायः खुद हमारे ही बनाए होते हैं शून्य से रिक्त इस मानस पटल पर। वही 'शून्य' जो सही या दाहिनी ओर आ जाए तो किसी भी शक्ति और मूल्य की इकाई को अपरम्पार करता चला जाए और गलत या बांयी तरफ हो तो पूर्णतः संज्ञाहीन!
शायद यही वजह है कि इस शून्य को इतना अधिक महत्व दिया गया है दर्शन में भी और गणना में भी, पर क्या भगवान की तरह आदमी भी इतना विवेकी और समर्थ है कि मात्र एक शून्य से ही अपने लिए एक मनमाफिक सृष्टि की रचना कर ले...अच्छे-बुरे हर अनुभव से एक सक्रिय और सार्थक निष्कर्ष ले सके!
शक्ति और शून्य की बात चली तो याद आया कि वैज्ञानिकों का कहना है कि पूरे बृह्मांड में बस एक निश्चित मात्रा की ही उर्जा और सामग्री है, जो इस बड़े से शून्य में उन्मुक्त विचरती रहती है और आपसी जुड़ाव व टकराव से नित नए रूप में विघटित और संघटित होती रहती है। पर इस तरह से तो हम सभी कहीं न कहीं जाकर एक दूसरे से जुड़गए !
स्पष्ट से इस तथ्य को समझने के लिए भी पहले हमें 'मैं' और ' तुम' से रिक्त होना पड़ेगा। 'शून्य ' या एकाग्रता की उसी स्थिति में पहुँचना होगा, जहाँ भेदभाव मिट जाते हैं। पर क्या यह सब इतना आसान है! हाँ, यदि कुछ पल के लिए भी संभव हो पाए, हम उस मनःस्थिति को पा सकें, तो व्यक्तिगत के साथ-साथ मानव-समाज के भी बहुर्मुखी विकास और उत्थान की सीमाएं कई-कई गुना बढ़ जाती हैं, क्योंकि धीरे-धीरे सारी ही नकारात्मक प्रवृत्तियाँ और भावनाएँ मिटती चली जाएँगी, जो दो कदम आगे बढ़ने पर चार कदम पीछे खींच लिया करती हैं।
आज पश्चिम ने भी इस सोच...चित्त की शान्त, समग्र इस एकाग्रता के महत्व को समझा और सराहा है। जाना है कि कैसे न सिर्फ निर्लिप्त कर्मयोग आशा और निराशा से परे है (गीता), वरन् इस मनःस्थिति के सहारे व्यक्ति अछिन्न शक्तियों से लैस, जीवन की हर लडाई लड़ और जीत सकता है। यही वजह है कि आज अमेरिका और जर्मनी जैसे विकसित देशों में बड़ी-बड़ी मैनेजमेंट कमेटियां और बिजनेस स्कूल विद्यार्थियों को गीता पढ़ा रहे हैं...जीवन और कार्य प्रणाली के सफल संयोजन के लिए पूर्व के संचित ज्ञान और दर्शन का सहारा ले रहे है... ताकि वे भी अपनी समस्त शक्तियों के पूर्णत्व को पा सकें। खुद से लड़ें नहीं, खुद के साथ होकर शान्त और प्रफुल्लित रह पाएँ। उर्जा को बिखेरें नहीं, संजो कर मनोनीत दिशा दे पाएँ!
मन और शरीर की यह संयुक्त मनोदृष्टि( होलिस्टिक एटीट्यूड) ही सामाजिक और व्यक्तिगत स्वास्थ और सफलता की कुंजी है। पर लगता है आज हम भारतीय और भारतवंशी यही बात भूलते जा रहे हैं।
तनावपूर्ण और भागम-भाग भरे इस जीवन से अलग, शान्त और स्वस्थ जीवन की दृष्टि कहाँ से लाई जाए---कहना आसान नहीं। शायद इसके लिए संयमी और संतुलित जीवन और बचपन से ही उत्तेजनाओं की खोज में न रहने वाली प्रवृत्ति के साथ-साथ जो है उसी में संतुष्ट रहने की प्रवृत्ति को भी फिर से सीखना होगा। परिणाम को भूलकर काम पर ही केन्द्रित रहने से लालच और भृष्टाचार जैसी आज के युग की दो सबसे बड़ी महामारी भी समाज से खुद ही मिट जाएंगी।
इसमें ललित कलाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है! वैसे भी ललित कलाओं को योगियों ने भी साधना या योग में से ही एक माना है क्योंकि ये भी तो हमें चरमोत्कर्ष पर पहुँचाकर वही निमग्न और निर्मल आनन्द देती है...जहाँ नाद के सम पर नर और नारायण एक हो जाते हैं और सफेद काले दो रंग के मानव मन में बहुरंगी ज्ञान और शक्ति की आभा का इंद्रधनुष छा जाता है। यह जीवन से पलायन नहीं वरन् खुद को पहचानने की, मन को एकाग्र करने की ही एक प्रक्रिया है। पहला वह फूल जो हमारी आँख के आगे सुबह सुबह अपनी पंखुरियाँ खोलता है या पहली वह किरन जो रात को दिन में बदलने की ताकत रखती है... आज पता नहीं कविता-कहानी और चित्रों के अलावा कितनों ने साक्षात देखी है, परन्तु लेखनी का यह अंक इसबार एकांत के उसी अनछुए जादू के नाम।...
जब तक आपके पास राष्ट्रभाषा नहीं आपका कोई राष्ट्र भी नहीं।
मुंशी प्रेमचन्द
लोकतंत्र हिन्दी के बिना चल नहीं सकता और यदि चलता है तो झूठा है। ...आज भाषा का संबन्ध विस्तृति से इतना ही जितना सस्कृति से है। आज संस्कृति के नये दायरे बन रहे हैं। मनुष्य संवेदना की खोज कर रहा है और हिन्दी उसकी सेवा मे उपस्थित है।
जैनेन्द्र कुमार
नागरी लिपि में सभी भारतीय भाषाएँ लिखी जाने पर उनमें भेद की दीवारें समाप्त हो जाएँगी।
अज्ञेय
हिन्दी हिमालय से लेकर कन्याकुमारी तक व्यवहार में आने वाली भाषा है।...देवनागरी दुनिया की सर्वाधिक वैज्ञानिक लिपि है।
राहुल सांकृत्यान
अगर हम सधारण बुद्धि से काम लें, तब हमें पता पता चलेगा कि हमारी कौमी ज़बान हिन्दी ही हो सकती है।
सरोजनी नायडू
जिसके लिए हमारी जनता का हृदय फट चुका है, उसकी भाषा अंग्रेजी के प्रति अपना मोह हमें छोड़ देना चाहिए।
रामधारी सिंह दिनकर
यदि हिन्दी तथा अन्य भारतीय भाषाओं के विरुद्ध अंग्रेजी के षडयंत्र को विफल न किया गया तो जनतंत्र मखौल बनकर रह जाएगा।
श्री नरायण चतुर्वेदी
हिन्दी से किसी भी भारतीय भाषा को भय नहीं है, यह सबकी सहोदरा है।...दक्षिण की भाषाओं ने संस्कृत से बहुत कुछ लेन-देन किया है, इसलिए उसी परम्परा में आई हुई हिन्दी बड़ी सरलता से राष्ट्रभाषा होने के लायक है। हिन्दी प्रेम और सौहार्द की भाषा है। आजादी के लिए लड़ाई के समय हिन्दी देश की एकता और राष्ट्रीयता की भाषा रही है। ऐसी भाषा कभी भी विघटन की भाषा नहीं हो सकती।
महादेवी वर्मा
हिन्दी हमारे राष्ट्र की अभिव्यक्ति का स्त्रोत है।...हिन्दी में जो ध्वनि संगीत है, जो शांति की सूक्ष्म झंकार परिव्याप्त है, जो पवित्रता है वह बेजोड़ है। भावी मनुष्यत्व के तत्वों से हिन्दी परिपूर्ण होगी। भविष्य में संस्कृति का जो नवीन संस्करण होगा, उसे हिन्दी अपने में समाहित करेगी।
जैसे मौसम के अनुसार पक्षी एक स्थान से उड़कर दूसरे स्थान पर चले जाते हैं वैसे ही मेरी भी आदत बन गई है। जाड़े में जब उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ती है, लोगों की कपकपी छूटती है तो मैं दक्षिण भारत की ओर सरक जाता हूँ। इस बार वाराणसी से उड़कर मैं चेन्नई आ गया हूँ। यहाँ मेरी पुत्री पूनम रहती है। उसके पति नितिन पांडेय यहाँ नेस्ले कंपनी में कर्यरत हैं। यहाँ पूनम का परिवार वाल्मीकि नगर में रहता है। यहाँ से समुद्र का किनारा पास में ही है। समुद्र की ध्वनि पूनम के आवास (श्रीकृपा) से सुनाई पड़ती है। समुद्र की यही ध्वनि ब्राह्म मुहूर्त में मुझे जगाती है। बिस्तर पर पड़ा-पड़ा मैं समुद्र-गीत सुनता रहता हूँ। फिर बिना किसी को जगाए चल पड़ता हूँ समुद्र दर्शन के लिए। ज्ञातव्य है कि बाहर जाते समय दरवाजा ओठगाने पर स्वचलित रूप से उसमें ताला लग जाता है।
मैं समुद्र के किनारे आ जाता हूँ। क्या बताऊँ कैसा लग रहा है वहाँ, सबकुछ वर्णातीत है। समुद्र के किनारे टहलता हूँ। ठँडी-ठँडी हवाएँ मुझे स्पर्श करके आगे बढ़ जाती हैं। समुद्र के किनारे बालू की राशी से लहरें टकराती हैं। इस टकराव से उनका नीलापन समाप्त हो जाता है, वे सफेद हो जाती हैं। अरे, यह तो गुणात्मक परिवर्तन है। कहाँ नीलापन, कहाँ सफेदी! सबकुछ ' टकराहट' का परिणाम है। ऐसा माना जाता है कि टकराहट से नए गुणों की उत्पत्ति होती है। वस्तु में प्रच्चन्न गुणों का उद्भव टकराहट से ही तो होता है। किसी उर्दू शायर ने ठीक ही कहा है--- ' सुर्खरू होता है इन्साँ ठोकरें खाने के बाद/रँग लाती है हिना पत्थर पे पिस जाने के बाद।' अरे हाँ, कार्ल मार्क्स ने भी तो कुछ ऐसी ही बात कही थी। उसने कहा था -टकराव (संघर्ष) की स्थिति में मात्रात्मक से गुणात्मक परिवर्तन होता है। समुद्र के नीले जल का सफेद होना गणात्मक परिवर्तन ही तो है। मुझे लगता है। मुझे ऐसा लगता है कि कार्ल मार्क्स का यह सिद्धाँत जड़-जगत में तो लागू होता है, पर चेतन जगत्, मानव जगत् इस सिद्धांत की सीमा से बाहर पड़ता है। चेतन जगत् का व्यापार जड़-जगत की भांति यंत्र चलित नहीं होता। इसलिए जड़-जगत् से संबंधित उक्तियों एवं दृष्टांतों को चेतन-जगत् पर आरोपित नहीं करना चाहिए। मार्क्स ने अपने सारे दृष्टांत जड़-जगत् से उठाकर चेतन् जगत के मस्तक पर चस्पाँ कर दिए हैं। दृष्टांतों की यही तो कमी है। इनकी सहायता से बात तो झट से समझ में आ जाती है, पर इनसे विषय की यथार्थ व्याख्या नहीं हो पाती।
साहित्य और दर्शन में तो दृष्टांतों की भरमार है। दृष्टांतों के माध्यम से लोगों के मस्तिष्क में ऐसी-ऐसी बातें भर दी जाती हैं, जो यथार्थ से कोसों दूर होती हैं। इस संबंध में साहित्य से एक उदाहरण। 'उत्तररामचरितम्' में भवबूति कहते हैं--- ' जैसे एक ही जल भँवर, बुदबुद और लहरों का रूप धारण कर लेता है वैसे ही करुण रस निमित्त भेद से भिन्न-भिन्न रसों में रूपान्तित होता है।'
एको रसः करुण एव निमित्तभेदाद्
भिन्नः पृथक् पृथगिवाश्रयते विवर्तान्।
आवर्तबुदबुदतरड्गमयान् विकारा
नम्भो य़था सलिलमेव हि तत्समस्तम्।।
यहाँ कवि ने यह मान लिया है कि तत्वतः रस अनेक नहीं, एक है करुण। इसी एक करुण रस का रूपांतरण विभिन्न स्थितियों में होता रहता है जिससे अन्य रसों की सृष्टि होती है। मुझे ऐसा लगता है कि करुणरस को महिमामंडित करने के लिए कवि ने जल के दृष्टांत का सहारा लिया है। यह दृष्टांत यथार्थ पर परदा डालता है। वास्तविकता यह है कि विभिन्न रसों की अपनी अलग-अलग सत्ता होती है। हाँ, इनका अधिष्ठान एक होता है, मानव-चित।
अरे, मैं कहाँ से कहाँ चला गया। कहाँ समुद्र का यह मनोरम दृश्य, कहाँ मार्क्स की नीरस व्याख्या और भवभूति की कल्पनात्मक उड़ान। हाँ, तो समुद्र के किनारे मुझे केकड़े दिखते हैं। लहरें आती हैं, उनका घरौंदा बिगाड़ देती हैं। थोड़ी देर में किलबिलाते हुए वे अपने बालू-घर से बाहर आते हैं और तीर की तरह दूसरी ओर भाग जाते हैं। इतने छोटे जीव को भी अपने प्राण-रक्षा का ढंग आता है। कितना गहरा है प्रकृति का रहस्य। किसने इन क्षुद्र जीवों को बताया है कि खतरे की स्थिति में क्या करना चाहिए। मेरे पैर मुझे ढोकर आगे ले जा रहे हैं। एक जगह कुछ मछुआरे मिलते हैं। वे समुद्र में अपना जाल फैलाते हैं। जाल का एक सिरा एक के हाथ में और दूसरा सिरा दूसरे के हाथ में। कुछ देर बाद वे जाल लिए-दिए बाहर आते हैं। उनके जाल में कुछ मछलियाँ फँस जाती हैं। जाल किनारे पर फैलाकर एक मछुआरा उसमें फँसी मछलियों को बीनता है। कमर में लटके अपने छोटे जाल में उन्हें डालकर समुद्र में फिर उतरता है। कमर के जाल में रखी मछलियों को शायद यह भ्रम हो सकता है कि वे पुनः अपने घर आ गई हैं, पर जाल की सीमा उन्हें यथार्थ का बोध कराती होगी। अब उनका निस्सीम घर ससीम हो गया है। वे जल में रहते हुए भी जल में नहीं हैं, जाल में हैं। 'जल' और 'जाल' इन दोनों शब्दों में अंतर तो एक मात्रा का ही है, पर मात्रा का यह अंतर अर्थ में, यथार्थ में कितना अंतर पैदा कर देता है, यह तो आप मछलियों से ही पूछें।
हाँ, तो मछुआरों का मत्स्य व्यापार चल रहा है। लहरों का अपना व्यापार चल रहा है। मैं समुद्र के किनारे टहलते-टहलते आगे बढ़ रहा हूँ। फिर पास में दिखता है एक शिव-मन्दिर। किनारे से चलकर मैं शिव-मन्दिर पर पहुँच जाता हूँ। वहाँ मूर्ति के सम्मुख 'शिवमहिम्नस्त्रोत' का सस्वर पाठ करता हूँ। आस-पास के तामिल-भाषी लोग मुझे सस्वर पाठ करते देख मेरी ओर आकर्षित होते हैं और मुझे ध्यान से सुनते हैं। भारतीय संस्कृति का यह विस्तार मेरे मन में आल्हाद पैदा करता है। आपको शिव-मन्दिर कश्मीर में मिलेगा, कन्याकुमारी में मिलेगा , राजस्थान -गुजरात में मिलेगा, असम में भी मिलेगा, पूरे भारत में मिलेगा।
प्रार्थना के बाद मैं मंदिर के चबूतरे पर बैठ जाता हूँ। सामने विशाल समुद्र लहरा रहा है। मछुआरों की छोटी-छोटी नौकाएँ दूर समुद्र में तैरती दिखती हैं। नौकाओं से उछलकर मेरी दृष्टि लहरों पर चली जाती है। मन अतीत की ओर बेतहाशा भागता है। कौतुहल जगता है, आखिर कब से यह समुद्र लहरा रहा है? इसके किनारे बसी कितनी पीढ़ियाँ इन लहरों को देखते-देखते मृत्यु की गोद में समा गईं। क्या कभी ये लहरें सोती भी हैं? जब दिन-रात ये चलती ही रहती हैं तो आखिर सोती कब हैं? आदमी रात में सोकर प्रातः समुद्र के किनारे आता है पर लहरें तो रात में भी जागती रहती हैं। ये कभी सोती ही नहीं। विगत हजारों-लाखों वर्षों से इसी प्रकार जाग रही हैं। ये लहरें साक्षी हैं मानव विकास की। हजारों-लाखों वर्ष पूर्व मानव का क्या रूप था, आज क्या रूप है, लहरें दोनों स्थितियों की साक्षी हैं। समुद्र की छाती पर पहले नाव चलती थी, बेड़े चलते थे, आज जलयान चल रहे हैं। समुद्र के आकाश पर वायुयान उड़रहे हैं। समुद्र सारा कुछ देखता आ रहा है और आगे भी देखता रहेगा। मानव-संस्कृति की विकास यात्रा का असली साक्षी तो समुद्र ही है। वैसे वस्तुस्थिति का यह उज्ज्वल पक्ष है। दूसरा एक घिनौना पक्ष भी है, जो पहले भी था और आज भी है। आज भी समुद्र के किनारे नंग-धड़ंग लोग पेट-खलाए घूमते रहते हैं। आज भी झोपड़ियां हैं। इन झोपड़ियों में आधुनिक युग की किसी सुख-सुविधा का नामोनिशान तक नहीं है। हजारों-लाखों वर्ष पूर्व जिस स्थिति में लोग रहते थे उसी स्थिति में रहने वाले आज भी यहाँ हैं।
मंदिर में बैठे-बैठे एक बार फिर समुद्र का नीलापन मेरे मन पर छा जाता है। फिर तो राष्ट्रकवि मैथलीशरण गुप्त की पंक्तियाँ मेरे होठों पर इठलाने लगती हैं---
नीलांबर परिधान हरित पट पर सुंदर है,
चंद्र-सूर्य युग मुकुट मेखला रत्नाकर है।
करते अभिषेक पयोद हैं, बलिहारी इस वेष की,
हे मातृभूमि तू सत्य ही सगुण मूर्ति सर्वेश की।
समुद्र से दृष्टि समेटता हूँ तो क्या देखता हूँ कि मन्दिर के पास पोलाव के कुछ कण बिखरे पड़े हैं। कौए उन्हें चुगने के लिए आपस में लड़ते हैं। उनके साथ उनके छोटे बच्चे भी हैं। छोटे बच्चे स्वयं दाना नहीं चुगते। मादा कौआ दानों को अपनी चोंच में भरकर बच्चों के खुले मुँह में डालती है। बच्चे दानों को गटककर फिर अपनी चोंच खोल देते हैं। अब मादा कौआ खुद खाए या बच्चों को ही खिलाती रहे। मैं देखता हूँ, मादा कौआ खिलाती ही जा रही है बच्चों को, स्वयं नहीं खाती। तो यह है ममता का जाल। मादा कौए को उसकी माता ने खिलाया और वह अपनी संतान को खिला रही है, यह है प्रकृति। इसमें किसी संस्कृति, किसी ज्ञान की आश्यकता नहीं, यह प्राणिणात्र की प्रवृत्ति है। जलचर, थलचर, नभचर, पशु-पक्षी, अंडज, पिंडज सभी में यह प्रवृत्ति पाई जाती है। संभवतः स्वेदज और उदिभज जगत इस प्रपंच से मुक्त है।
संतति की ममता प्रकृति है, सहज प्रवृत्ति है। संस्कृति इस प्रवृत्ति में थोड़ा सौष्ठव लाती है। संस्कृति पूर्वजों, अग्रजों की भी सेवा का पाठ पढ़ाती है। स्वाभाविक रूप से लोग अपनी संतान का भरण-पोषण करते हैं। सांस्कृतिक प्रभाव के कारण इस वृत्ति में प्रतिलोमता आ जाती है। जब लोग संस्कृति की उपेक्षा करते हैं तो समाज में विकृति का वातावरण पैदा होने लगता है।
मैं मंदिर के चबूतरे पर बैठे-बैठे ऊबने लगता हूँ और पास में सड़क पर टहलने के लिए चल पड़ता हूँ। सड़क के किनारे सीमेंट की कुछ बेंचे बनी हैं। इन्हें ए. राम सुब्बू ने बनवाया है। सभी बेंचों पर उसका नाम उत्कीर्ण है। मैं रामा सुब्बू द्वारा बनवाई गई एक बेंच पर बैठ जाता हूँ। समुद्र-दर्शन के साथ-साथ मैं मानव-स्वभाव की पहेली से भी जूझने लगता हूँ। यह पहेली मुझसे उत्तर चाहती है। कहती है, ' बताओ, मेरा असली रूप क्या है?' अब मैं क्या उत्तर दूँ। फिर भी प्रयास करता हूँ। मनुष्य स्वार्थी होता है या परोपकारी? यदि मात्र स्वार्थी होता तो समुद्र के किनारे लोगों की सुख सुविधा के लिए बेंचें क्यों बनवाता? लोग गरीबों में भोजन क्यों बंटवाते हैं? अन्न-क्षेत्र क्यों चलवाते हैं? वस्त्रहीनों को वस्त्रदान क्यों करते हैं? दूसरों का जीवन बचाने के लिए अपने जीवन की बाजी क्यों लगा देते हैं? मेरा उत्तर कुछ इस प्रकार है ---मनुष्य के स्वार्थ दो प्रकार के होते हैं---स्थूल और सूक्ष्म। जब व्यक्ति मात्र अपनी अपनी सुख-सुविधा तक सीमित हो जाता है, तो वह स्थूल स्वार्थ में प्रवृत्त होता है। जब वह वस्त्रदान करता है , भूखों को भोजन देता है, दूसरों को बचाने में अपनी जान गंवा देता है तो वह परोपकार तो करता है, पर इसमें उसका सूक्ष्म स्वार्थ भी सन्निहित रहता है। सूक्ष्म स्वार्थ है यश की कामना। उसे लगता है, परोपकार करने से लोक में यश मिलेगा। भारतीय चिंतक ऐसा मानते हैं कि व्यक्ति में तीन एषणाएँ हैं --- पुत्रैषणा, वित्तैषणा, लोकैषणा। प्रथम दो एषणाएँ तो स्थूल स्वार्थ की कोटि में आती हैं और तीसरी एषणा सूक्ष्म स्वार्थ की कोटि में आती है। यदि सूक्ष्म एषणा का आकर्षण समाप्त हो जाए तो शायद लोग परोपकार करना छोड़ दें। रामा सुब्बू ने समुद्र के किनारे बेंचें क्यों बनवाईं और उनपर अपना नाम क्यों खुदवाया, इस प्रश्न का उत्तर मेरे उपर्युक्त विश्लेषण से स्पष्ट हो जाता है।
जो लोग ऐसा मानते हैं कि निःशेष स्वार्थ बिना परोपकार संभव है, वे मुगालते में हैं। वस्तुतः स्वार्थ का मूल वास-स्थान अहं है। अहं एक ऐसा तत्व है, जो प्राणिमात्र के स्वत्व का मूलाधार है। जब तक अहं रहेगा तबतक स्वार्थ रहेगा, अतः स्वार्थ भी सर्वदा रहेगा।
अब इसी प्रश्न का उत्तर एक कथा के माध्यम से। एक थे ऋषि। उन्होंने गुरुकुल में छात्रों को सम्पूर्ण शिक्षा दी। क्षात्रों ने शिक्षा कितनी गृहण की, यह जानने के लिए ऋषि ने उनकी व्यावहारिक परीक्षा लेने का मन बनाया। उन्होंने क्षात्रों को आमने-सामने करके दो पंक्तियों में बैठा दिया। पंक्तिबद्द छात्रों के सामने पत्तल पर भोजन परोसा गया। इसके बाद उनके उनके दाहिने हाथ की केहुनी से लगाकर डंडा बांध दिया गया। इतना सब होने के बाद ऋषि छात्रों से बोले, 'अब आप लोग भोजन प्रारंभ करें।' भोजन की अनुमति के बाद जब छात्र पत्तल से कौर उठाने लगे तो हाथ में बंधे डंडे के कारण वह उनके मुख की ओर न जाकर सिर के ऊपर चला जाता था। अब छात्र परेशान। जब छात्रों को कोई उपाय नहीं सूझा तो ऋषि ने उन्हें ' यजुर्वेद' का यह मंत्र सुनाया---
देहि मे ददामि ते नि मे धेहि नि ते दधे।
निहारं च हरसि मे निहारं निहरणि ते।।
अर्थात् तुम मुझे दो और मैं तुम्हें दूँ। इस आदान-प्रदान से अहँ एवं पर दोनों के स्वार्थ की सिद्धि हो जाएगी। छात्रों ने इसी विधि से भोजन किया। अपना कौर स्वयं अपने मुँह में न डालकर सामनेवाले के मुँह में डाला और विनिमय में सामनेवाले ने भी ऐसा ही किया। तो सारा समाज अदृश्य विनिमय सूत्र में बँधा है। इस विनिमय-सूत्र का एक सिरा अहं से जुड़ा है और दूसरा पर से। ध्यातव्य है कि वेद मंत्र में 'मे' (मुझे) और 'ते' (तुझे) बाद में। इसका अभिप्राय यह है कि विनिमय-सूत्र में 'पर' की तुलना में 'अहं' का पलड़ा भारी रहता है।
एक दूसरी कथा। यह कथा 'वृहदारण्यक उपनिषद' की है। ऋषि य़ाज्ञवल्क्य अपनी पत्नी मैत्रेयी को सामाजिक य़थार्थ के निरूपण क्रम में बताते हैं---
न वा अरे पत्युः कामाय पतिः प्रियो भवति,
आत्मनस्तु कामाय पतिः प्रियो भवति।
न वा अरे जायायै कामाय जाया प्रियो भवति,
आत्मनस्तु कामाय जाया प्रियो भवति।
न वा अरे पुत्रस्य कामाय पुत्रः प्रियो भवति,
आत्मनस्तु कामाय पुत्रः प्रियो भवति।
अर्थात् पत्नी को पति इसलिए प्रिय नहीं होता, क्योंकि वह पति है, वरन् पत्नी को पति इसलिए प्रिय होता है, क्योंकि पति से उसके हित की सिद्धि होती है। इसी प्रकार पति के लिए पत्नी इसलिए नहीं प्रिय होती क्योंकि वह पत्नी है। पति के लिए पत्नी इसलिए प्रिय होती है, क्योंकि पत्नी से पति क्योंकि पत्नी से पति के स्वार्थ की सिद्धि होती है। पुत्र मात्र इसलिए प्रिय नहीं होता, क्योंकि वह पुत्र है। माता-पिता के लिए पुत्र इसलिए प्रिय होता है, क्योंकि पुत्र से उनके हितों की सिद्धि होती है।
तो यथार्थ यही है। इसको झुठलाना हवा में उड़ने जैसा है। वैसे जो भी हवा में उड़ता है, चाहे पक्षी हो या मानव, उसे यथार्थ की धरा पर उतरना ही पड़ता है।
जबतक चेन्नई में रहता हूँ, नियमित रूप से सायं-प्रातः समुद्र-दर्शन करता हूँ। यदा-कदा मेरा पांच वर्षीय दौहित्र मेरे साथ चलने का हठ करता है, लेकिन मैं उसे नहीं ले जा पाता। कारण मैं ठहरा मीटर, वह है सेंटीमीटर: मैं ठहरा ऊँट, वह रहा नेवला। अब मीटर-सेंटीमीटर और ऊँट-नेवले का साथ कैसे चल सकता है। एक बात और, पार्थ है उदीयमान, मैं हूँ स्तमान्; अब उदीयमान और अस्तायमान के बीच युति कैसे बन सकती है।
जीवन की आपाधापी में कब वक़्त मिला कुछ देर कहीं पर बैठ कभी यह सोच सकूँ जो किया, कहा, माना उसमें क्या बुरा भला।
जिस दिन मेरी चेतना जगी मैंने देखा मैं खड़ा हुआ हूँ इस दुनिया के मेले में, हर एक यहाँ पर एक भुलावे में भूला हर एक लगा है अपनी अपनी दे-ले में कुछ देर रहा हक्का-बक्का, भौचक्का-सा, आ गया कहाँ, क्या करूँ यहाँ, जाऊँ किस जा? फिर एक तरफ से आया ही तो धक्का-सा मैंने भी बहना शुरू किया उस रेले में, क्या बाहर की ठेला-पेली ही कुछ कम थी, जो भीतर भी भावों का ऊहापोह मचा, जो किया, उसी को करने की मजबूरी थी, जो कहा, वही मन के अंदर से उबल चला, जीवन की आपाधापी में कब वक़्त मिला कुछ देर कहीं पर बैठ कभी यह सोच सकूँ जो किया, कहा, माना उसमें क्या बुरा भला।
मेला जितना भड़कीला रंग-रंगीला था, मानस के अन्दर उतनी ही कमज़ोरी थी, जितना ज़्यादा संचित करने की ख़्वाहिश थी, उतनी ही छोटी अपने कर की झोरी थी, जितनी ही बिरमे रहने की थी अभिलाषा, उतना ही रेले तेज ढकेले जाते थे, क्रय-विक्रय तो ठण्ढे दिल से हो सकता है, यह तो भागा-भागी की छीना-जोरी थी; अब मुझसे पूछा जाता है क्या बतलाऊँ क्या मान अकिंचन बिखराता पथ पर आया, वह कौन रतन अनमोल मिला ऐसा मुझको, जिस पर अपना मन प्राण निछावर कर आया, यह थी तकदीरी बात मुझे गुण दोष न दो जिसको समझा था सोना, वह मिट्टी निकली, जिसको समझा था आँसू, वह मोती निकला। जीवन की आपाधापी में कब वक़्त मिला कुछ देर कहीं पर बैठ कभी यह सोच सकूँ जो किया, कहा, माना उसमें क्या बुरा भला।
मैं कितना ही भूलूँ, भटकूँ या भरमाऊँ, है एक कहीं मंज़िल जो मुझे बुलाती है, कितने ही मेरे पाँव पड़े ऊँचे-नीचे, प्रतिपल वह मेरे पास चली ही आती है, मुझ पर विधि का आभार बहुत-सी बातों का। पर मैं कृतज्ञ उसका इस पर सबसे ज़्यादा - नभ ओले बरसाए, धरती शोले उगले, अनवरत समय की चक्की चलती जाती है, मैं जहाँ खड़ा था कल उस थल पर आज नहीं, कल इसी जगह पर पाना मुझको मुश्किल है, ले मापदंड जिसको परिवर्तित कर देतीं केवल छूकर ही देश-काल की सीमाएँ जग दे मुझपर फैसला उसे जैसा भाए लेकिन मैं तो बेरोक सफ़र में जीवन के इस एक और पहलू से होकर निकल चला। जीवन की आपाधापी में कब वक़्त मिला कुछ देर कहीं पर बैठ कभी यह सोच सकूँ जो किया, कहा, माना उसमें क्या बुरा भला।
1
इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा! यह चाँद उदित होकर नभ में कुछ ताप मिटाता जीवन का, लहरा लहरा यह शाखाएँ कुछ शोक भुला देतीं मन का, कल मुर्झाने वाली कलियाँ हँसकर कहती हैं मगन रहो, बुलबुल तरु की फुनगी पर से संदेश सुनाती यौवन का, तुम देकर मदिरा के प्याले मेरा मन बहला देती हो, उस पार मुझे बहलाने का उपचार न जाने क्या होगा! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा!
2
जग में रस की नदियाँ बहती, रसना दो बूंदें पाती है, जीवन की झिलमिल-सी झाँकी नयनों के आगे आती है, स्वर तालमयी वीणा बजती, मिलती है बस झंकार मुझे, मेरे सुमनों की गंध कहीं यह वायु उड़ा ले जाती है; ऐसा सुनता, उस पार, प्रिये, ये साधन भी छिन जाएँगे; तब मानव की चेतनता का आधार न जाने क्या होगा! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा!
3
प्याला है पर पी पाएँगे, है ज्ञात नहीं इतना हमको, इस पार नियति ने भेजा है, असमर्थ बना कितना हमको, कहने वाले, पर कहते है, हम कर्मों में स्वाधीन सदा, करने वालों की परवशता है ज्ञात किसे, जितनी हमको ? कह तो सकते हैं, कहकर ही कुछ दिल हलका कर लेते हैं, उस पार अभागे मानव का अधिकार न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
4
कुछ भी न किया था जब उसका, उसने पथ में काँटे बोये, वे भार दिए धर कंधों पर, जो रो-रोकर हमने ढोए ; महलों के सपनों के भीतर जर्जर खँडहर का सत्य भरा, उर में ऐसी हलचल भर दी, दो रात न हम सुख से सोए ; अब तो हम अपने जीवन भर उस क्रूर कठिन को कोस चुके; उस पार नियति का मानव से व्यवहार न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
5
संसृति के जीवन में, सुभगे ऐसी भी घड़ियाँ आएँगी, जब दिनकर की तमहर किरणे तम के अन्दर छिप जाएँगी, जब निज प्रियतम का शव, रजनी तम की चादर से ढक देगी, तब रवि-शशि-पोषित यह पृथ्वी कितने दिन खैर मनाएगी ! जब इस लंबे-चौड़े जग का अस्तित्व न रहने पाएगा, तब हम दोनो का नन्हा-सा संसार न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
6
ऐसा चिर पतझड़ आएगा कोयल न कुहुक फिर पाएगी, बुलबुल न अंधेरे में गागा जीवन की ज्योति जगाएगी, अगणित मृदु-नव पल्लव के स्वर ‘मरमर’ न सुने फिर जाएँगे, अलि-अवली कलि-दल पर गुंजन करने के हेतु न आएगी, जब इतनी रसमय ध्वनियों का अवसान, प्रिये, हो जाएगा, तब शुष्क हमारे कंठों का उद्गार न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
7
सुन काल प्रबल का गुरु-गर्जन निर्झरिणी भूलेगी नर्तन, निर्झर भूलेगा निज ‘टलमल’, सरिता अपना ‘कलकल’ गायन, वह गायक-नायक सिन्धु कहीं, चुप हो छिप जाना चाहेगा, मुँह खोल खड़े रह जाएँगे गंधर्व, अप्सरा, किन्नरगण; संगीत सजीव हुआ जिनमें, जब मौन वही हो जाएँगे, तब, प्राण, तुम्हारी तंत्री का जड़ तार न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
8
उतरे इन आखों के आगे जो हार चमेली ने पहने, वह छीन रहा, देखो, माली, सुकुमार लताओं के गहने, दो दिन में खींची जाएगी ऊषा की साड़ी सिन्दूरी, पट इन्द्रधनुष का सतरंगा पाएगा कितने दिन रहने; जब मूर्तिमती सत्ताओं की शोभा-सुषमा लुट जाएगी, तब कवि के कल्पित स्वप्नों का श्रृंगार न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
9
दृग देख जहाँ तक पाते हैं, तम का सागर लहराता है, फिर भी उस पार खड़ा कोई हम सब को खींच बुलाता है; मैं आज चला तुम आओगी कल, परसों सब संगी-साथी, दुनिया रोती-धोती रहती, जिसको जाना है, जाता है; मेरा तो होता मन डगडग, तट पर ही के हलकोरों से ! जब मैं एकाकी पहुँचूँगा मँझधार, न जाने क्या होगा ! इस पार, प्रिये मधु है तुम हो, उस पार न जाने क्या होगा !
मैं बहुत छोटी हूँ। वैसा ही वह भी। सिर्फ दो दर्जे ऊपरवाली क्लास में। अपनी कोठी की घुमावदार सीढ़ियों पर बैठी मैं रंग-बिरंगे चित्रोंवाली किताब से ' सुनहरे बालोंवाली राजकुमारी ' की कहानी जोर-जोर से पढ़ रही हूँ---वह ठोढ़ी पर हाथ धरे सुन रहा है।
एक थी राजकुमारी। वह बहुत सुन्दर थी। उसके बाल सुनहले थे। जब वह हँसती थी तो केतकी के फूल झरते थे और जब रोती थी ढुर-ढुर मोती। एक दिन राजकुमारी नदी में नहा रही थी। उसका एक सुनहला बाल टूट गया। राजकुमारी ने उस बाल को पत्तों के एक दोने में रखा और नदी की धारा में बहा दिया। धार में बहते-बहते दोना बहुत दूर निकल गया; जहां एक राजकुमार शिकार खेलने आया था। थके-मांदे राजकुमार को प्यास लगी तो वह नदी के किनारे आया। राजकुमार अंजली में भरकर पानी पीने ही जा रहा था कि उसे बहते हुए दोने में सुनहला बाल दिखा। राजकुमार ने बाल निकाल लिया और महल लौटकर गठ कर बैठा राजा से कि पिताजी! मुझे तो सुनहले बालोंवाली राजकुमारी चाहिए।
' तूने किसी राजा का राजमहल देखा है?' अचानक वह ठोढ़ी से हाथ हटाकर पूछता है।
' नहीं तो---लेकिन एक बार पिताजी एक जागीरदार साहब की हवेली में ले गए थे---खूब बड़ी हवेली थी उनकी--- '
' तुम्हारी कोठी से भी? खूब बड़ी?'
' हाँ---बहोत। '
' और राजा लोगों के महल उससे भी कहीं ज्यादा बड़े! न!'
' और नहीं तो क्या तुम्हारी पंचकुठरिया जितने---? '
वह ठिलठिलाकर हँस पड़ा। मैं खुद भी। उसकी पंचकुठरिया और राजमहल की आमने-सामने कल्पना ही इतनी हास्यास्पद थी कि हम दोनों को हँसा-हँसाकर लोटपोट किए दे रही थी। और बाकी आसपास कामकाज में लगे हुए छोटे बड़े लोग हमें अजीब बेवकूफी-भरी और नागवार नजरों से घूरे जा रहे थे।
पंचकुठरिया हमारी कोठी के सामने बंजर मैदान में बनी एक अधफूटी-सी इमारत थी; जिसमें एक सीधी कतार में किसी ने सिर्फ पाँच कोठरियाँ और पाँच दालान किसी ने किराए पर उठा देने की गरज से बनवा दिए थे। इन्ही में से एक कोठरी में वह अपने माँ-बाप और छोटे भाई-बहनों के साथ रहता था।
हम दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। वह दो दर्जा ऊपर मैं दो दर्जा नीचे। मैं ताँगे से स्कूल जाती, वह पैदल। लेकिन तब भी हम घर से एक ही टाइम पर निकलते और एक ही टाइम लौटते थे।क्योंकि वह पैदल-पैदल गली, मैदान और छोटी पगडंडियों के सहारे फलाँगता फलाँगता जल्धी पहुँच जाता; जबकि मेरा ताँगा चौड़ी तारकोली सड़क से हटो बच्चों पुकारता खदराता हुआ जाता। वह चप्पलें पहनता मैं बक्सुए वाली सैंडलें। अक्सर जब मैं स्कूल से लौटकर ताँगे से उतर रही होती तो वह भी मैदान के बीचोबीच से रास्ता काटकर हाथ के बस्ते को चरखी की तरह घुमाता , उछलता-कूदता लौट रहा होता। फिर हम दोनों खूब बातें करते कि आज हमें यह पढ़ाया गया और हमें यह। हमें इस कविता की यह ट्यून बताई गई , हमें यह। हम अपनी सीखी कविताएँ भी गाकर एक-दूसरे को बताते और उस दिन के सीखे पहाड़े दुहराते। फिर वह अपनी पंचकुठरिया में चला जाता, मैं अपनी कोठी में।
मुझे कोठी के बाहर जाने की इजाजत नहीं थी, उसे कोठी के अन्दर आने की। यह कभी किसी ने कहा नहीं, बस एक समझी, स्वीकारी हुई बात थी। उसके आने की कोई मनाही नहीं थी। वह आता---हम दोनों बाहर सायबान या अगल-बगल अपने आहते में उछल-कूद लेते। और साथ-साथ ढेर सारी रंग-बिरंगी कहानियां पढ़ लेते। वह कौतुक से पूछता---' राजा लोगों के महल कितने बड़े होंगे आखिर ?'
या फिर
' राजकुमारियाँ कितनी सुन्दर होती होंगी ? '
मैं ईर्ष्या से हुमककर कहती---' हुँह, सोने चाँदी के बाल होंगे तो सुन्दर दिखेगी ही---है कि नहीं?'
एकाएक वह खिलखिलाकर हँस पड़ा। मैने पूछा, क्यूँ हँसा? तो बोला---
' मैं सोच रहा हूँ, अगर तेरे बाल सुनहले हो जाएं तो कैसी दीखेगी?'
यकायक अपने लिए इतनी जबर्दस्त कल्पना मैं नहीं कर पाई। अचकचाकर बोली---
' अरे बुद्धु! मेरे बाल सोने के कहां से हो जाएंगे---मैं कोई राजकुमारी हूँ?'
' अच्छा तो चाँदी के ही सही, रुपहले-रुपहले बाल--- '
एकाएक मुझे याद आया, रुपहले बाल तो बूढ़ी बुआजी के हैं...
' अरे, तब तो मैं बूढ़ी हो जाऊंगी। बिल्कुल बूढ़ी-सी---अच्छी क्या खाक दीखूँगी? '
' वाह! क्यूँ नहीं दीखेगी? खूब अच्छी दीखेगी---खूब अच्छी। जैसी अभी दीखती है, उससे भी ज्यादा अच्छी, चाँदी के तारों जैसे बालों में।'
वह मेरी 'बूढ़ी' की कल्पना के करीब फटके बिना वैसा ही मगन हंसता हुआ कहे जा रहा था। बेहद हँसोड़ा था वह। नकलें भी बड़ी बढ़िया उतारता। स्कूल के टीचरों के डपटने, चपरासी के हड़काने औप प्रार्थनावाले पंडितजी के नकनकाने की; हम जब भी इकठ्ठे होते, वह एक के बाद एक नकलें उतारता जाता, मैं खिलखिलाती जाती। फिर आदत ऐसी पड़ गई कि वह आसपास न भी होता तो भी मैं उसकी किसी नकलवाली मुद्रा को सोचकर ही खिलखिला पड़ती।
तब आसपास वाले फिर हमें हैरत से देखने लगते...। यह एक बहुत पुराना सिलसिला अभी तक, अधेड़ होने तक चला आता है। जाने-अनजाने प्रसंगों के बीच अचानक उसकी कोई बात याद आ पड़ती है और मैं बरबस मुसकरा पड़ती हूँ। ध्यान तब आता है जब मेरे पति या बच्चे मुझे टोककर होश में आने के लिए कहते हैं। और क्षणभर के लिए मैं एक अनाम अपराधबोध से ग्रस्त हो जाती हूँ। लेकिन चूँकि ऐसा बहुत कम ही होता है जबकि मैं पति बच्चों से घिरी रहती होऊँ, इसलिए मौका पाते ही 'वह' खिड़की से अन्दर फलाँग लेता है और हमारी बेबात की हँसी-ठिठोली शुरु हो जाती है। कभी-कभी गंभीर वार्तालाप भी---
जैसे एक-दूसरे के डब्बे का टिफिन खाते हुए।
मैं कहती हूँ ' तुम्हारे डब्बे की रोटियाँ खूब नरम होती हैं न!'
' हाँ, मेरी माँ उनमें घर का ताजा मक्खन चुपड़ती है। बहुत थोड़ी-सी शक्कर भी---तुम भी अपनी माँ से मक्कन चुपड़ने को कह दो---'
मैं कहती हूँ-' मेरी माँ नहीं है---'
और उसक चेहरा हैरत से उतरता चला जाता है--- ' तो तुम्हें टिफिन कौन देता है?'
' मिसरानी---'
' तुम्हारी चोटियाँ कौन गूँथती है?'
' बड़ी बुआजी---'
' और बीमार पड़ने पर दवा कौन देता है?'
' कभी पिताजी, कभी मिसरानी, कभी चमेली---'
' और गलती करने पर चाँटे कौन लगाता है?'
' कोई नहीं---'
वह उसके लिए बेहद अजूबी बात थी। वह थोड़ी देर गुमसुम सुनता रहा, जैसे कहीं फटाफट नोट करता जा रहा हो---फिर जैसे एकदम पूछ गया---
' तुम्हें रात में कभी डर नहीं लगता?'
प्रश्न इतना छोटा नहीं था। इससे लंबा था और इससे बहुत गहरा भी---कि तब तुम क्या करती हो?
' ऐसे ही बड़ी बुआजी को बुलाने लगती हूँ---पर उन्हें तो कम सुनाई पड़ता है न---तो चमेली---लेकिन वह भी थकी होती है। उनींदी आवाज में कहती है---अरे कहाँ...कुछ भी तो नहीं बिटिया...या फिर हनुमान चालीसा पढ़ने को कहकर करवट बदल खुद सो जाती है।'
फिर मैं उससे पूछती हूँ--- ' तुम्हारी माँ हैं?...कैसी हैं?'
वह उसी तरह खिलखिलाकर हँस पड़ा---' मेरी माँ? तुम देखोगी तो खूब हंसोगी--- वह तुम्हारी बुआजी की तरह सफेद झक साड़ी थोड़ी न, एकदम लुगड़ी-फुगड़ी-सी साड़ी पहनती हैं और सिन्दूर का टीका लगाए, चूल्हे में गोल-गोल रोटियाँ फुलाती रहती हैं। क्रीम पाउडर नहीं उसके पास; लेकिन वह सिर्फ आधा सेर दूध में ही छाछ, दही मक्खन सब कर लेती हैं और फिर उन्ही उँगलियों से हाथ-मुँह सब चिकना कर लेती हैं और पैरों में ढेर सारा महावर लगा लेती हैं।'
' तुम मुझे अपनी माँ को दिखाओगे?'
'हाँ-हाँ,चलना; लेकिन कैसे?'
ऐसे कि एकदिन मैं दोपहरी को चुपके से खिड़की फलाँग गई थी और बेतहाशा उसका हाथ पकड़े हाँफते-हाँफते पंचकुठरिया पहुँच गई थी।
उसकी माँ और बहनें मुझे देखकर चकित चमत्कृत थीं---जैसे वह कोई वर्जित, लेकिन साहसिक काम कर गुजरा हो, कुछ बेहद दुर्लभ-सी चीज उठा लाया हो...
'यह---यह राजी है---कोठीवालों की लड़की---राजरानी---'
उसकी माँ मुझे किसी बड़ी प्यारी, कोमल और कीमती वस्त्र की तरह मुग्ध दृष्टि से देखे जा रही थी।
' तुम्हारी मक्खन और शक्कर चुपड़ी रोटी रोज यही खाती है---इसे अपनी मिसरानी के तेल बोथे पराँठे, सब्जी और अचार बिल्कुल नहीं भाते। मोहनथाल और इमरतियाँ भी नहीं।' वह प्रशंसा के भाव से बिल्कुल नहीं, सिर्फ हकीकत के तौर पर बयान करता जा रहा ता।
उसका छोटा भाई मेरी रेशमी फ्रॉक पर आराम से हाथ फेरता जा रहा था और उसकी बहनें मेरी बक्सुए वाली सैंडलें आँखें बचा-बचाकर देखे जा रही थीं... मैं उन सबकी उस दिन की उपलब्धि थी।
अचानक वह कह बैठा---
' इसके 'माँ' ही नहीं हैं!' ( दुःख, सहानुभूति नहीं यहाँ भी। मात्र हकीकत बयानी।)
और तड़ाक---जैसे हर किसी के चमत्कृत से दीखते चेहरों पर सनसनाकर कुछ बैठ गया हो। सबके चेहरे अवाक्---तब वह जैसे सबको जगाता सा बोला---
' लेकिन इसके घर मिसरानी, चमेली दरबान और बड़ी बुआ जी हैं। भोंपूवाला ग्रामोफोन और बघर्रे की खालें भी...इसके दरबान के पास भी कोट है और पिता के पास विलायती हैट!...' जैसे किसी दूसरे लोक की अजीबोगरीब बातें बता, सुना रहा हो।
खुद मैंने ही क्या कुछ कम अजूबी बातें देखीं उसके यहाँ! मेरी फ्रॉक और बक्सुएदार सैंडलों का सम्मोहन तो बहुत थोड़ी ही देर रहा। उसके बाद तो उसकी एक बहन मेरे दोनों हाथ पकड़ तेज-तेज चकरी घूमने लगी और दूसरी घर के सामने इकड़ी-दुकड़ी खँचाने लगी। छोटा भाई और बहन सड़क से गुजरते रंग-बिरंगे गुब्बारों और पिपहरी के लिए माँ के कन्धों पर झूलकर ठुनकने लगे। भाई तो इतना जिदियाया कि उसकी पीठ पर एक भरपूर धौल भी पड़ा, धप्प से। इससे बाकी सारे खिलखिलाकर हँसने लगे और भाई पैर फैलाकर चीखने लगा। तबतक बन्दर के नाचवाला आ गया और सब बच्चों के साथ भाई भी रोना भूलकर नाच देखने के लिए भागा। लेकिन चूँकि उसका छुटका भाई बड़े बच्चों के बराबर तेज भाग नहीं सकता था, इसलिए बड़ी बहन ने उसे अपनी गोद में लाद-सा लिया।
नाच देखकर लौटे तो उसकी माँ ने पीतल की एक तश्तरी में तुरत-फुरत चूल्हे पर सिंकी और जरा-सी मक्खन चुपड़ी खूब नरम-सी रोटी मुझे खाने को दी।
फिर बड़े प्यार से पूछा---
'तुम्हें अच्छी लगती है न?'
मैने खाते-खाते 'हाँ' में गरदन हिलाई।
' मैने अभी ही जरा-सा मक्खन निकाल लिया---ये सब तो रोज ही खाते हैं।'
वह हँसा---' इसका मतलब हम सब कल रूखी रोटी और नमक खाएँगे न!'
' तो क्या?'
उसका छोटा भाई बड़े भोलेपन से बोला---' जो यह रोज आएगी तो हम रोज रूखी रोटी खाएँगे?'
सबके सब जोर से हँस पड़े।
माँ बोली---' रोज इसे आने ही कौन देगा? अब इसे जल्दी से पहुँचाओ। नहीं तो डाँट पड़ेगी।'
उसकी माँ ने ठीक कहा था।
लौटने पर पिता की कड़कदार आवाज गूँजी और उसीके साथ एक भरपूर चाँटा। बुआजी जल्दी से खींचकर ले गईं और मेरे गालों पर उबरी ललछौंही कतारों पर मरहम मलने लगीं। मरहम मलते-मलते बुआजी समझाए जा रही थीं---अपनी खानदानी इज्जत और साख समझाकर बेटी। तेरे पिताजी की इससे तौहीन होती है न!...तुझे क्या पता , वे कोरट में कितने मुकदमे की पेशियाँ, कितना पैसा पानी की तरह बहाने के बाद तुझे तेरी माँ से जीतकर लाए हैं।
उसदिन मैने एक खबर की तरह जाना कि मेरी भी माँ है। ...उतनी छोटी मुझे, खानदान, कोठी, दबदबा जैसे शब्द साफ-साप समझ में नहीं आ रहे थे, लेकिन 'तौहिनी' का मतलब समझते वक्त अचानक मेरी आँखों में गरम रोटी पर धरी एक छोटी-सी मक्खन की डली पिघलने लगी, बस। बड़े होने पर जाना कि चूँकि मेरे पिता मुझे खानदानी इज्जत के रूप में, अपने दबदबे के बल पर कोर्ट से जीतकर लाए थे, इसलिए कहीं-न-कहीं यह जरूर चाहते थे कि मैं उनकी बेटी की तरह रहूँ---अपनी माँ की बेटी की तरह नहीं। मेरी माँ और मेरे पिता की यह कहानी मेरी जिन्दगी के हर छोटे बड़े मोड़ पर मुझसे उलझती, ठोकरें लगाती रही। सारे मान-सम्मान और समाज में बाइज्जत हाथों हाथ ली जाती हुई मैं अलग हो गई माँ और अलग हो गए पिता की बेटी के दयनीय सच के साथ हमेशा जोड़ी गई। ससुराल में भी। बेटी-बेटों के सामने भी---सिर्फ चर्चा भर ही। मेरी बुराई, आलोचना कुछ नहीं।
उस दिन के बाद फिर कभी नहीं गई उसके घर। हफ्ते दस दिनों बुखार में पड़ी रही। अच्छी होन पर भी नौकरों को मेरी हर सुख-सुविधा के लिए मिले निर्देशों की कड़ी निगरानी में...कोठी में ही आंगन, दालान, बारजों, बरसातियों में टहलती-भटकती रही।
अचानक एक दिन देखा---एक ठेले पर कुछ खाट-खटोली, गद्दे-गद्दियों और चूल्हे चौके के मर्तबानों सहित, सारा सामान लदा चला जा रहा है, वे सब भी उसी ठेले के पीछे-पीछे जा रहे हैं; उसी शहर में कहीं और रहने।
मैं अब भी उसी शहर में हूँ। पिता मुकदमे में जीती हुई अपनी बेटी को इस कोठी सहित सारी जमीन-जायदाद दे गए हैं। मेरे पति-बच्चे सब कुछ संभाल रहे हैं।
लेकिन मैं एक असंभव-सी प्रतीक्षा कर रही हूँ। अक्सर अन्दर एक हलकोर-सी उठती है---जब लगता है कि वे सब-के-सब भी इसी शहर में कहीं होंगे।
वह सब कुछ उस उम्र के साथ ही क्यों नहीं खत्म हो गया? क्यों एक कचोट-सी अभी तक बाकी है---और किस बात की ? क्यों वह उम्र की सारी सीढ़ियां फलांगता इन उतरती सीढ़ियों पर भी मुझसे पहले ही बैठा ठिलठिलाकर हँसता नजर आता है?...
जब भी उदास होती हूँ---वैसा ही खिलखिलाता, मैदान पार की पगडंडियों से दौड़ता वह मेरी खिड़की के रास्ते उचककर अंदर फलांग जाता है। मेरी साड़ी तब चुन्नटदार फ्राकों में बदल जाती है---और पाँवों में बक्सुए वाले सैंडलें...
'राजी! आओ चलें...'
' कहाँ?'
'जंगली बेरों की भीटों पर---या फिर तुम्हारी कोठी के ही पिछवाड़े, झाड़-झंखारों के बीच लाल घुंघरुओंवाली घुंघचियां तोड़ने---पीपल की पत्तियों को पान बनाकर बीड़े लगाने और सूखी चिलबिलों से चिरौंजियां निकालने।'
अरे, इसे कैसे मालूम कि सचमुच मेरा मन कोठी की पुरानी दीवालों की दरारों में उग आए पीपल के पत्तों के पान बनाने को करता है। लाल घुँघचियाँ और सूखी चिलबिल बीनने का भी...
' लेकिन मेरे पति, बच्चे, उनका नाश्ता खाना...'
' उन सबसे कोई रोकता थोड़ी है तुम्हें--- सब सलाटकर या उन्ही के बीचोबीच...'
सचमुच ?
जैसे अभी; अचानक शीशे के सामने खड़े होकर माथे के दाहिने किनारे से उठती सपेद बालों की एकमुश्त कतार दीकी है, मन अनजाने अवसाद में डूबा है कि पीछे से वह ठिलठिलाकर हँस पड़ा है---मैं कहता था न कि तू खूब अच्छी दीखेगी, खूब अच्छी। चाँदी के तारों जैसे बालों में।
बस, मैं पूर्ण विश्वस्त, परम निश्चिन्तता से मुड़ गई हूँ। जैसे माथे पर चाँदी का ' ताज ' पहना हो।
बाहर धाराधार बारिश हो रही है और दूर मैदान के बीचोबीच चिलबिल का पेड़ भीग रहा है।
मैं अचानक मुड़ी हूँ और चमकीले कागजोंवाली पुरानी पत्रिकाओं से चिकने, मोटे कागज निकालकर डेर सारी रंग-बिरंगी नावें बनाने लगी हूँ।
मेरा समझदार, बड़ा हो गया बेटा हैरत से टोकता है---मम्मी, यह...यह क्या ?
' नावें... ' मैं खुशी से किलकती हुई कहती हूँ---चलो इन्हें सड़क के किनारे तेजी से बहते पानी में बहाते हैं---थोड़ी नावें नावें तू भी पकड़ तो...
हतबुद्धि-सा वह पहले अचकचाता है, फिर बाकी बची नावें उठा लेता है---नावें हथेलियों में दुबकी चिड़िया-सी दीखती हैं।
और बरसाती बूँदों में, मेरा हठ रखने को ही, मेरे पीछे-पीछे ईकर, ढाल पर इकठ्ठा हो तेजी से बहते पानी की धारा में एक के बाद एक नावें बहा देता है।
मैं माथे का पानी निचोड़ती मुग्ध, उत्फुल्ल देखती हूँ---नावें चली जा रही हैं, नाचती, थिरकती, अटकती, फिर बहती---तेज-तेज ढलान की धार में...
और अचानक एक सपना सा देखती हूँ मैं। ...बरसाती बरसात का यह हलकोरता पानी ढलानों से बहता हुआ एक कोठरी के दरवाजे से जा लगा है। वहाँ एक छोटा-सा चहककर एक नाव उठा लेता है और कुतूहल से देखता है---उसमें रखा एक रुपहला चाँदी के रेशे-सा बाल...
सुनते हैं सर-मुँडे पंडितजी और पर-कटी परी ने शादी कर ली - अब आप पूछेंगे कि आख़िर इसमें नई बात क्या है - ऐसी शादियाँ तो यहाँ विलायत में रोज़ ही होती रहती हैं, सिवाय इसके कि परी पर-कटी कैसे और पंडितजी सर-मुँडे क्यों? सो बात वास्तव में यह है कि जब पंडितजी के पिता दीनदयालजी का परलोक गमन हुआ तो सर तो मुँडवाना ही था, भले ही वे बरसों से यहीं विदेश में ही रह रहे थे। पर पड़ौसन को चैन कहाँ - (आख़िर पड़ौसिनें तो सब एकसी ही होती हैं ना, चाहे वह अपने देश की हों या विदेश की) झटपट आटे से सने हाथ पोंछ, सर-मुँडे पंडितजी को बुलवा लिया और सर से पैर तक दुखी पंडित जी को देखकर बोलीं, 'रघुबीर पुतर क्या सूरत बना ली है तूने - कौन इतना सोख मनाता है औ़र फिर प्यो को गए तो हफ़्तों बीत गए। लगता है त्वाडा हेयर-ड्रेसर बहुत ही यूजलेस है, चारो तरफ़ बाल छुटे दिखते हैं। बिल्कुल ही गेटअप नहीं बनता। अच्छी बात नहीं यह। ये मुए बाल नहीं, टेलिविजन का एरियल होते हैं। इन्हींके थ्रु तो त्वाडा प्यो रोज़-रोज़ पुतर नाल आ जाता है।
असमंजस में सिर पे हाथ फेरते पंडित जी एक बात तो बिल्कुल ही नहीं समझ पाए कि आख़िर उनका बापू स्वर्ग जा कर विडियो-फ़िल्म की रील कैसे बन गया? चुपचाप समझदार पड़ौसन की बात सुनते-समझते खड़े-खड़े मन ही मन बार-बार गुनते-बुनते रह गए। पड़ोसन भी तो बिना रुके धारा-प्रवाह बोले जा रही थी 'बाप के मरने पर इसी वजह से तो बाल मुँडवाए जाते हैं। पर तुम वरी मत करना मैन, सब ठीक हो जावेगा। तुसी नलके से ज़रा कोल्ड वाटर ला दो अ़सी फ्लावर बनावेंगे औ़र हाँ आज शामको तुसी डिनर-शिनर यहीं करना साडे नाल।' असल में पंडित जी इतनी ज़रा-सी बात पर इतने उदास हो जाएँगे यह तो उसने सोचा ही नहीं था। गुमसुम पंडित जी चुपचाप पानी का गिलास पकड़ा घर लौट आए। आप सोच रहे होंगे कि ठंडे पानी से इंसटैंट 'फूल' कैसे बनाए जा सकते हैं तो अब सोचना बंद कीजिए यह विलायत है, यहाँ सब संभव हैं।
पंडित जी को याद आया कि शायद बचपन में भी यह बाल और एरियल वाली बात उन्होंने किसी और से भी सुनी थी। सारी पोज़ीशन क्रिस्टल-क्लीयर थी। बस आगे और क्या करना है य़ही सोचना बाकी रह गया था। फिकर में बिचारे खाना-पीना सबकुछ भूल गए भ़ूख प्यास औल लौस्ट एंड फौरगौटेन। कहीं मन उनसे ही जुड़ा रह गया तो बेचारे बापू भारत कैसे पहुँच पाएँगे? ऐसी सिचुएशन में तो मरकर भी यहीं ट्रैप रह जाएँगे? रघुवीर सहाय को मालूम था कि बापू पिछले आठ-दस साल से ही देश वापस जाना चाहते थे बस खर्चे की वजह से नहीं जा पा रहे थे। चलो, अब कम-से-कम यह टिकट वगैरह का चक्कर तो नहीं रहा पंडित जी ने ठंडी आह भरकर सोचा।
हमारे कर्मकांडी, पितृभक्त पंडित जी घोर दुविधा में थे। रघुवीर सहाय जी आख़िर पिता का दुख कैसे सह पाते - बात दरअसल यह थी कि बापू की आत्मा न भटके इसलिए सब काम उत्तम से उत्तम करना ज़रूरी था और जोश में बिचारे उस्तरे की जगह हेयर रिमूविंग क्रीम का पूरा-का-पूरा ट्यूब ही सरपर लगा बैठे। फिर तो देखते-देखते सर की उपजाऊ ज़मीन ऐसी बंजर हुई कि पिता की कौन कहे अपने कंघे तक से कौनटेक्ट नहीं कर पाए। एक बाल तक नहीं उपजा और पंडित जी तरह-तरह के पूजा-पाठ, जप-तप में लगे रहते, द़िन-रात दुआ माँगते बालों की सेहत की। बेचारों ने कई सम्मेलन तक आयोजित कर डाले इस विषय पर। बड़े-बड़े विद्वान आए - क्या नेता क्या मिनिस्टर, पर कोई पंडित जी को ढाढस ही नहीं दे पाया। एक दिन किसी ऐसी ही मनोदशा में पंडितजी जब आँखों में आँसू भरकर आकाश तक रहे थे 'काहे भगवन काहे, हमरे साथ ही अईसन अन्याय काहे-कम-से-कम हमरी ई बिलायती पोजीसन का ध्यान तो रखना ही चाहिए था आपको? ' असल में हमारे पंडितजी भारत में भोलेबाबा की नगरी से थे और जब भी प्रभु से डायरेक्ट लाइन पर बात करते थे तो मादरी जुबाँ ही बोलते थे, इस उम्मीद में कि शायद प्रभु को उनकी बात जल्दी ही समझ में आ जाए। या फिर लोकल कनेक्शन का तगड़ा और अच्छा असर पड़े दो-तीन बार एक्सप्लेन करने की ज़रूरत ना ही पड़े।
उनकी दुखभरी याचना का ठाकुर जी ने तो कोई जवाब नहीं दिया, हाँ ठीक उसी समय वह मनचली परी, जो सैर करने निकली थी एक चमकदार तारे में उलझकर गिर पड़ी, धड़ाम से वहीं, अपने पंडितजी के चमकते विलायती आकाश में। वैसे गिरी सो तो कोई बात नहीं थी, पर बिचारी अध-कटे हसुली जैसे चंद्रमा पर जा अटकी और पंडित जी ने आकाश में यह दृश्य देखा तो उन्हें बड़ा ही दुख हुआ। ऐसा अनर्थ तो फायरब्रिगेड वालों के साथ भी नहीं होता कितना-कितना ऊपर चढ़ जाते हैं वे लोग तो। पंडित जी आश्चर्य से अभिभूत भी थे और दुखी भी। बड़ी दया आ रही थी उन्हें इस सुंदर असहाय दिव्य-बाला पर। झटपट अंदर गए और किताब में छुपाई बापू की लंबी चुटिया उठा लाए। असल में उन्हें पड़ौसन की एरियल वाली बात भूली नहीं थीं - शायद बापू का यह एरियल ही दिमाग़ के दूरदर्शन में कोई नया सुझाव भेज सके, आकाश में पहुँचने का रास्ता बता सके और वह इस दुर्घटना-ग्रस्त सुंदरी की कुछ मदद कर पाएँ?
वैसे तो उन्हें स्पेस-मिशन के बारे में भी सबकुछ पता था - आख़िर वह रोज़ टेलिविजन पर पूरी ख़बर सुनते थे और ' टुमौरोज़ वर्ड' प्रोग्राम भी ठीक से ही देखते थे - वह भी हर हफ़्ते। अब आप से क्या छुपाएँ असली बात तो यह थी कि अपने रघुवर सहाय जी जानते थे कि न तो उनके पास इतनी हिम्मत ही थी कि रॉकेट में बैठकर ब्लास्ट हो पाएँ और ना इतनी धन-माया कि स्पेश-शटल की टिकट ख़रीदकर परी तक झटपट पहुँच जाएँ। कोई वॉएबल प्लान ही सोचना पड़ेगा ज़ान गँवाकर जान बचाना भला कहाँ की समझदारी है?
' जान है तो जहान है' अपनी समझदारी पर पंडित जी ने शानसे गरदन झटक दी। घड़े के ऊपर चुटिया प्रतिष्ठित किए बैठे पंडित जी परिवारवालों और मित्रों के साथ, पूरे तीन दिन तक अखंड जाप करते रहे पर कोई भी नया सुझाव सर की बंजर ज़मीन पर नहीं उपजा। उन्होंने तो परी-उत्थान के लिए चंदा तक जमा करना शुरू किया पर चौथे दिन जब अमावस की काली रात आनेवाली थी और चंद्रमाँ अपने आप सिकुड़कर छुटिया गया, तो वह आकाश में अटकी परी खुद-ब-खुद, सीधी उनके घड़े पर आ गिरी, वह भी धड़ाम से। मानो भगवान के यहाँ से सीधा प्रसाद आया हो। दरअसल घड़ा भी तो ठीक चंदा के नीचे ही रखा था और आकाश में अब परीके लटके रहने का भी कोई जुगाड़ नहीं बचा। परी बिचारी के तो दोनों पर ही इस दुर्घटना में टूट गए। अब उनके सहारे उड़ना बिल्कुल ही असंभव था। यहाँ तक कि वह तो अब अपना रास्ता भी ठीक से मैन्यूवर नहीं कर सकती थीं। उड़ना तो दूर ऐसी हालत में अगर वह यहाँ का ड्राइविंग टेस्ट तक लेती तो भी निश्चित ही, पंडित जी से भी ज़्यादा बार फेल हो जाती।
इस गिरने-टूटने के चक्कर में बिचारा चंद्रमाँ तो पूरा-का-पूरा ही मिट चुका था। जहाँ परी लटकी थी वहाँ परमनेंट दाग पड़ गया सो अलग। गोरा सुंदर मुँह ख़ामखाँ ही बिगड़ गया। जी हाँ, वही आपका चरखा बुनती बुढ़िया की कहानी वाला दाग़। वैसे आपको शायद मालूम नहीं कि यह कहानी भी चंदा की माँ ने बेटे की इज़्ज़त बचाने के लिए उसी समय गढ़ी थी। अब आपको बचपन से बुद्धू बनने की आदत है तो इसमें बिचारी चंदा की माँ या परी का क्या दोष? चलें कहाँ यह अकल की बात ले बैठे हम भी - हमलोग तो अपने पंडित जी की विपदा की बात कर रहे थे। एक तो बेचारे दुखी, ऊपर से कीमती घड़ा टूटा सो अलग। वैसे भी यहाँ मिट्टी का घड़ा भी बीस पच्चीस पौंड से कम का नहीं आता। बिचारे पंडित जी अब समझ नहीं पा रहे थे कि पहले टूटे घड़े का भुगतान इंश्योरेंस से क्लेम करें या इस पैर टूटी पर-कटीं परी की सहायता? वैसे भी अब तो कोई इससे शादी नहीं करेगा कभी? कहाँ बिठाएँ - कहाँ रखें? और सहृदय पंडित जी ने तुरंत ही अपनी आहुति दे डाली। यही सबसे सस्ता और टिकाऊ उपाय था अब उनके पास। मृत पिता की इच्छा व आज्ञा मानकर उस परकटी परी से शादी कर ली उन्होंने तुरंत, वहीं उसी समय। आख़िर जजमान, मेहमान सभी तो हाज़िर हैं क़ौतुक में आई भीड़ को देखकर पंडित जी ने सोचा। वैसे भी उन्होंने ही तो बुलाया था इसे यहाँ इस धरती पर और इस बिचारी का है ही कौन उनके सिवा यहाँ पर? और फिर पिता जी ने ही तो भेजा है इसे। अब बापकी आज्ञा मानने का भी तो कोई फर्ज़ बनता है उनका!
पंडित जी को अब बालों की अलौकिक महिमा पर पूरा और अटल विश्वास हो चला था। वह उनकी महत्ता को अच्छी तरह से जान गए थे। शीशे के आगे उदास खड़े अपनी सपाट खोपड़ी पर हाथ घुमाते हमने भी कई बार देख है उन्हें। आख़िर हरक्यूलिस भी ऐसे ही तो कोई बड़े-बड़े बाल नहीं रखता था और फिर हमारे यहाँ, वहाँ भारत में भी तो बड़े-बड़े ज्ञानी-ध्यानी, सर की कौन कहें दाढ़ी-मूँछ तक के बाल नहीं कटवाते। ऋषि-मुनियों की तस्वीरें पंडित जी ने ही क्या आपने भी देख ही रखी होंगी? और हमारे पंडित जी ने उसी पल निश्चय ले लिया कि अगर सर पर बाल नहीं तो क्या मुँह पर तो रख ही सकते हैं कसम खाई कि अब एक भी बाल नहीं कटवाएँगे भले ही खीर वगैरह खाने में कितनी ही दिक्कत क्यों न हो? सृष्टि के सारे रहस्य धीरे-धीरे पंडित जी की समझ में आ रहे थे। अक्सर ही अकेले-अकेले वह पश्चाताप करते आख़िर क्यों बापू की यह चुटिया सँभालकर रखी? वैसे भी तो परी से शादी करना कोई मज़ाक की बात नहीं, वह भी एक परकटी परी से तो, कतई ही नहीं! सुना हैं लोगों के ऊपर सर मुँडाते ही ओले पड़ते हैं, यहाँ पंडित जी के ऊपर तो पूरी-की-पूरी परी ही आ गिरी थी।
जब भी परी का मन घूमने को करता वह अपने लिए वर्ड-ट्रिप बुक करा आती। अब बिचारी के पास पंख तो थे नहीं जो कहीं भी आ-जा पाए जैसे-तैसे हवाई-जहाज़ वगैरह से ही अपना काम चला रही थी वह। और आप खुद ही सोचिए स्वर्ग और आकाश चारों तरफ़ घूमने वाली, भला एक-दो देश से कैसे संतुष्ट हो पाती? वह भूल जाती कि उसे कोई इनस्टीटयूशन या गवर्नमेंट स्पौंसर नहीं कर रही थी किसी विश्व-सम्मेलन में जाने के लिए और बिचारे पंडित जी के पास तो बस बहुत ही लिमिटेड रिसोर्सेज थे। जल्दी ही पंडितजी के बारह बज गए। उनकी पूरी दान दक्षिणा, सीधा-भाजी सब परी की सेवा में ही अर्पण होने लगे। अपने खाने-पीने की कौन कहे अब तो ठाकुर जी के भोग तक के लाले पड़ गए और मंदिर में श्रद्धालु भक्तों की रोज़-रोज़ की खुसर-पुसर अलग से सुनाई देने लगी।
पंडितजी अपनी यह झटपट शादी अब रिग्रेट कर रहे थे। गनीमत थी कि उनके ठाकुर जी का मंदिर यहाँ फॉरेन में था कैसे भी काम चल ही जा रहा था। गुज़र-बसर हो ही जाती थी। वरना तो जान पर ही आ बनती। पंडित जी अब दिन-रात परी से जान छुड़ाने का कोई विनम्र और सभ्य तरीका ढूँढ़ने लगे। उन्हें याद आया कि उनकी परी का जी जब भी खुला आकाश देखने को करता है वह उनके बगीचे में सबसे ऊँचे पेड़ पर जा बैठती है और फिर घंटों आकाश को एक टक घूरती रहती है। अगली बार जैसे ही परी हवाई-जहाज़ पर लंबी घुमाई के लिए गई, पंडित जी दौड़कर वुलवर्थ से एक दर्जन क्विक-फिक्स ग्लू ख़रीद लाए और पूरी कि पूरी गोंद, परी के उस प्रिय पेड़ की सबसे ऊँची फुनगी पर चिपका दी।
पंडित जी के षडयंत्र से अनभिज्ञ परी जब अपने प्रिय पेड़ पर चढ़ी तो बस वहीं-की-वहीं ही बैठी रह गई। अब तो उसके उतरने की भी कोई गुँजाइश नहीं गिरकर भी नहीं इ़ंग्लैंड के इस विंडी, आँधी-पानी के मौसम में भी नहीं। क्योंकि पेड़ों के साथ तो पूर्णिमा या अमावस का कोई चक्कर ही नहीं होता। और परी को वही हवा में लटकी छोड़, पंडित जी चल पड़े देश से अपनी मैया को लिवाने। पहले जब बापू के बुलाने पर मैया आ रही थीं तो माई ने सोचा था कि चलो चलते-चलते आख़िरी बार गंगा ही नहा ली जाए, पर गंगा जी तो उन्हें देखते ही लगीं बुक्का फाड़कर रोने। बोलीं पूरे देशपर मलेच्छों की छाया पड़ चुकी है। तुम भी चली गई तो हमारी बात कौन सुने-समझेगा? हम किसके मन में अपनी परछाई तक देख पाएँगे अ़पने दुख-दर्द बाँट पाएँगे?
गंगा जी का विलाप सुनकर हिंदी-मैया का मन ऐसा दुखा कि आजतक बस वही गंगा किनारे ही छपिया तानकर रह रही हैं। सुनते हैं जब बहुत उदास हो जाती है तो वही गंगा किनारे-किनारे ही टहलती रहती हैं घाट-घाट भटकती रहती हैं। विदेश की कौन कहे अब तो उनके पाँव आस-पास के शहरों की तरफ़ भी नहीं उठ पाते। दिल्ली, कलकत्ता भी सपने जैसी बात है। हाँ, बस आसपास के कस्बे, गाँव और हाट-बाज़ारों में ही दिखाई-सुनाई दे जाती हैं चलते-फिरते।
ज्ञानी-विद्वान सब परेशान हैं इनकी लाचार हालत पर। ऐसे तो मिट जाएँगी यह। उनके उत्थान-प्रयास में लगे रहते हैं सब लोग। दिन-रात कहते फिरते हैं कि वी मस्ट डू समथिंग अबाऊट थिस। रोज़ बड़े-बड़े रिजोल्यूशन पास करते हैं यहीं नहीं विमान पकड़कर विदेश तक जा पहुँचे हैं अब तो क्या इंग्लैंड और क्या त्रिनिदाद, फिजी व सूरिनाम। आख़िर हिंदी मैया की बात हैं हिंदी की बिंदी की बात है? चार दिन तक सबने मिल-बैठकर यहाँ इंग्लैंड में भी यही समझा और समझाया था। हमने भी देखा-सुना था। सब लोग बार-बार सदमें में यही बात दोहरा रहे थे कि हिंदी मैया घाट किनारे बहुत ही बुरे हाल में हैं। उसे भी नहीं तो, यहाँ अब अपने पास विदेश में ही बुला लो।''
सारी कहानी सुनकर आप आख़िर में यह मत पूछ बैठिएगा कि हिंदी मैया कैसी हैं और उनके सपूत ई पंडित जी आखिर कवन हैं, कहाँ से आए हैं, कहाँ पर रहते हैं अउर उनका नाम पता क्या है वगैरह-वगैरह? इतना तो अब आपको भी मानना ही पड़ेगा कि यह तो वही बात हो जाएगी कि सारी रामायण ख़त्म, और हम पूछें ' सीता केकर बापू रहिलें?'
हमारी राय में तो यही नहीं, अब तो आपको यह भी मालूम हो जाना चाहिए कि क्रिसमस-ट्री पर परी पहुँची तो पहुँची कैसे और वास्तव में यह प्रथा किसने, कब, कहाँ और कैसे शुरू की !
रोहिणी ने उस व्यक्ति को पहले कभी नहीं देखा था। वह शोभनीय वेशभूषा में था। रथ पर आया था; और रथ रोक कर उनके द्वार पर खड़ा हो गया था।
''कौन हैं आप ?'' रोहिणी को पूछना ही पड़ा था।
''देवि ! मैं दिवावर्द्धन हूं। महाराज कंस की राजपरिषद् का सदस्य हूं।''
''वह तो दिख ही रहा है कि राजपुरुष हैं।'' रोहिणी का स्वर कुछ व्यंग्यात्मक हो गया था, ''राजसी वेशभूषा है। रथ पर आए हैं। राजपुरुष ही होंगे। कोई साधारण व्यक्ति तो इस प्रकार यात्रा करता नहीं।''
''देवी ने ठीक ही समझा। महाराज कंस की बहुत कृपा है मुझ पर।''
''आप जानते ही होंगे कि महाराज की मेरे श्वसुरकुल पर भी बहुत कृपा है।'' रोहिणी अपना रोष रोक नहीं पा रही थीं, ''कहिए, इस बीहड़ वन में आने का कष्ट कैसे किया ?''
''भीतर आने को भी नहीं कहेंगी ?'' वह व्यक्ति धृष्ट मुस्कान के साथ बोला।
''आप भी जानते ही होंगे कि मथुरा के राजपुरुषों के साथ हमारे संबंध आजकल कोई इतने मधुर तो नहीं हैं कि उन्हें अपने घर में बुला कर उनका आदर-सत्कार किया जाए।'' रोहिणी का स्वर मृदुल नहीं हुआ था।
''मैं आपके परिवार के हितैषी के रूप में आया हूं।''
''कहिए, क्या हित करने आए हैं आप ?''
''क्या द्वार पर खड़े रह कर इस प्रकार की पारिवारिक बातें करना उचित होगा ?'' वह बोला, ''मैं समझता हूं देवि ! कि हमारी चर्चा, एक अत्यंत गोपनीय विषय है।''
''गोपनीय कैसे है ?'' रोहिणी ने कहा, ''आप जिस प्रकार छह अश्वों के रथ पर आए हैं, उससे तो अब तक सारा ब्रज जान गया होगा कि मथुरा से कोई राजपुरुष आया है। आप देखेंगे कि किसी को बुलाने की आवश्यकता नहीं होगी, थोड़ी ही देर में सारे ब्रज से लोग मेरे गोकुल में एकत्रित हो जाएंगे।''
''फिर भी।'' उसने आग्रह किया, ''माना कि मेरा आना गोपनीय नहीं है; किंतु हमारी चर्चा गोपनीय विषयों के संदर्भ में है।''
''गोपनीय ही सही।'' रोहिणी बलपूर्वक बोलीं, ''किंतु मैं पूर्ण एकांत में आपसे कोई चर्चा नहीं करूंगी। अच्छा हो कि आप भी इस प्रकार का कोई आग्रह न करें।''
''तो आप चाहती हैं कि मैं सारे नंदगांव के सामने आपके परिवार के सारे रहस्य उधेड़ कर रख दूं।'' वह वक्रता से मुस्कराया।
''मैं नहीं जानती कि आप किन रहस्यों की चर्चा कर रहे हैं।'' रोहिणी ने कहा, ''जहां तक मैं जानती हूं, यह कोई रहस्य नहीं है कि आपके महाराज कंस ने हमारे छह पुत्रों का वध कर दिया है।''
''आप कदाचित् देवकी-पुत्रों की चर्चा कर रही हैं।''
''वे वृष्णिश्रेष्ठ आर्य वसुदेव के पुत्र थे। उनकी पत्नी होने के नाते वे मेरे भी पुत्र थे।'' रोहिणी ने तेजस्विनी वाणी में कहा, ''उनका प्रसव देवकी ने किया तो इसका यह अर्थ नहीं है कि वे मेरे पुत्र नहीं थे।''
''मैं भी इसी संदर्भ में आपसे कुछ बातें करना चाहता हूं।'' वह बोला।
''अवश्य कीजिए किंतु इस एकांत में नहीं।''
''न ये बातें सार्वजनिक हैं और न उनका सार्वजनिक होना उचित है।'' राजपुरुष ने मुस्करा कर कहा।
''जानती हूं।'' रोहिणी पूर्णत: दृढ़ थीं, ''किंतु किसी राजपुरुष से एकांत में यह चर्चा भी शोभनीय नहीं हैं।''
नंद और यशोदा आते दिखाई दिए। उनके पीछे-पीछे नंदगांव के अनेक लोग थे। एक भीड़ थी, जो अनायास ही सागर की लहरों के समान उमड़ आई थी।
''इन सब लोगों को बुला कर आपने अच्छा नहीं किया।'' राजपुरुष का आत्मविश्वास कुछ डोलता दिखाई दिया।
''मैंने किसी को नहीं बुलाया।'' रोहिणी का स्वर तीखा था, ''आप ही अपने छह अश्वों के रथ का आकर्षण दिखा कर इन सबको निमंत्रण देते आए थे।''
नंद उनके निकट आ गए थे। यशोदा कुछ पीछे थीं।
''क्या बात है भाभी ?''
''ये महापुरुष मथुरा से आए हैं। स्वयं को कंस का राजपुरुष बता रहे हैं।'' रोहिणी ने कहा, ''मुझसे मेरे परिवार के विषय में कुछ बातें करन चाहते हैं।''
नंद ने दृष्टि उठा कर राजपुरुष की ओर देखा।
''आप इन लोगों के बल पर कोई उपद्रव करेंगे तो मैं आज लौट जाऊंगा; किंतु अगली बार सैनिकों के अनेक गुल्म आएंगे। तब मैं देखूंगा कि आप मुझे कैसे रोकते हैं।'' वह जाने के लिए मुड़ा।
''रुकिए राजपुरुष महोदय ! यहां कोई उपद्रव नहीं हो रहा।'' नंद ने मधुर स्वर में कहा, ''जहां तक मेरा संबंध है, मैं तो केवल ग्राम-प्रमुख होने के दायित्व का निर्वाह कर रहा हूं। भाभी यहां अकेली हैं। उनका ध्यान रखना मेरा नैतिक और प्रशासनिक दायित्व है। आप किस बात से इस प्रकार भड़क रहे हैं। अकारण तो हमारी गउएं भी दुलत्तियां नहीं झाड़तीं।''
''आप अपने साथ लोगों की भीड़ लेकर क्यों आए हैं ?'' राजपुरुष ने रोष जताया।
''मैं नहीं लाया। उन्हें उनकी उत्सुकता और जिज्ञासा ले आई है।'' नंद हंसे, ''ये सब तो हमारी गलियों-वीथियों में खेलने वाले लड़के-बाले हैं। किसी के हाथ में गैया हांकने वाली लठिया भी नहीं है। आप किससे भयभीत हैं ? अपने मन के कलुष से ?''
''क्या कहना चाहते हैं आप ?''
''हमारे युवा आए होते, दंगल में प्रवीण हमारे मल्ल आए होते, तब आपको कोई आपत्ति होती तो मैं समझ पाता। यमुना के घाट से लौटती गोपियों को देख कर तो आप नहीं घबराएंगे ?'' नंद बोले, ''हमें अपने सैनिकों की धमकी मत दीजिए। हमारे लठैत कभी-कभी खड्ग और शूल भी उठा लेते हैं; और इस वन में वे आपके गुल्मों को ही नहीं पूरी वाहिनी को थका मारेंगे।'' नंद ने राजपुरुष की ओर देखा, ''महाराज कंस को नहीं, किंतु आपकी धमकी को चुनौती देता हूं कि जब चाहें वृन्दावन में अपने सैनिक उतार कर हमारी परीक्षा ले लें; किंतु हम अकारण उपद्रव नहीं करते।''
राजपुरुष भी समझ रहा था कि नंद उसकी धमकी से तनिक भी भयभीत नहीं थे। उन्हें और डराने-धमकाने का अर्थ होता, उनके सौजन्य को नष्ट कर, उन्हें उत्तेजित करना। उनकी धमकी में सार था। ऐसा न होता तो कंस पहली बार ही अपनी वाहिनी भेजता। अकेले दिवावर्द्धन को अपनी चतुराई का प्रयोग करने क्यों भेजता।
''आप महाराज कंस की शक्ति से भयभीत नहीं हैं ?'' उसने टोह लेने का प्रयत्न किया।
''अपने ही राजा की शक्ति से कोई आतंकित क्यों होगा।'' नंद बोले, ''वह तो प्रजा की रक्षा के लिए है। हां ! मुझे आपके संवाद का यह नागरिक ढंग प्रीतिकर नहीं लगा। हम तो ग्रामवासी हैं। प्रेम से आप हमें अपना दास बना सकते हैं; किंतु यदि आप चाहते हैं कि हम आपकी शक्ति से आतंकित होकर, भयभीत मूषक का सा व्यवहार करें, तो हम आपको बता देना चाहते हैं कि हम मथुरा के नागरिकों से कुछ भिन्न प्रकार की धातु के प्राणी हैं।''
''तो क्या मैं आपकी उपस्थिति में देवी रोहिणी से कुछ वार्तालाप कर सकता हूं ? आप आश्वासन देते हैं कि कोई उपद्रव नहीं होगा ?''
नंद ने रोहिणी की ओर देखा। रोहिणी ने सहमति का संकेत कर दिया।
यशोदा ने अपने पति का आज एक नया ही रूप देखा था। वे राजपुरुष से इस प्रकार बातें कर रहे थे, जैसे नंदगांव, गोकुलों का समूह न होकर, गोपों का कोई सैनिक स्कंधावार हो। खोजने पर भी उनके अपने घर में एक खड्ग नहीं मिलेगा और वे किसी अजेय गोप सेना की चर्चा कर रहे थे।
''कहिए, आप क्या कहना चाह रहे थे।'' नंद ने कहा।
''मैं चाहता हूं कि आपके लोगों की यह भीड़ यहां से कुछ दूर चली जाए; और हम लोग भवन के भीतर बैठ कर शांति से बात करें।''
''तो आप अपने सारथि को कहिए कि रथ को यहां से कुछ दूर हांक ले जाए।'' नंद बोले, ''हमारे बालक अपने आप दूर चले जाएंगे।''
दिवावर्द्धन सारथि को निर्देश देकर आ गया। नंद उसे भीतर ले आए। यशोदा ने उन सबके बैठने की व्यवस्था कर दी।
यशोदा भी उनके साथ बैठीं तो दिवावर्द्धन ने आपत्ति की, ''तुम्हारा यहां बैठना अनावश्यक है।''
रोहिणी की प्रतिक्रिया बहुत उग्र थी, ''आप कौन होते हैं यह निर्णय करने वाले कि कौन यहां बैठेगा और कौन नहीं। यशोदा मेरी बहन हैं। वे परिवार की वैसी ही सदस्य हैं, जैसी मैं हूं। ... और आप ... और आप ...'' उनका चेहरा तमतमा आया, ''आपने यशोदा को 'तुम' कहने का साहस कैसे किया ! सम्मानपूर्वक बात कीजिए।''
दिवावर्द्धन स्तब्ध रह गया। वह अब तक यशोदा को एक साधारण गोपी ही मान रहा था, जो रोहिणी की सेवा करती थी।
''हां ! कहिए, जो कुछ कहने आप मथुरा से आए हैं।'' नंद ने उनके मध्य घनीभूत हो आए मौन को तोड़ते हुए कहा।
दिवावर्द्धन समझ नहीं पा रहा था कि बात कहां से आरंभ करे...
कोठरी से बलराम के रोने का स्वर आया। वह जाग गया था ।
रोहिणी उठीं। पर यशोदा ने उन्हें रोक दिया, ''तुम बैठो दीदी ! मैं लल्ला को देखती हूं।''
दिवावर्द्धन से अदेखा नहीं रहा कि रोहिणी ने यशोदा द्वारा उन्हें 'तुम' कहने पर किसी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं की थी।
यशोदा उठकर चली गईं और दिवावर्द्धन ने धीरे से बात आरंभ की, ''देवी रोहिणी ! हमारे महाराज को संदेह है कि आपका यह पुत्र आपका पुत्र न होकर, देवकी-पुत्र है।''
यशोदा बलराम को लेकर वहीं आ गई थीं।
रोहिणी स्तब्ध सी दिवावर्द्धन को देखती रह गईं। यशोदा का मुख भी आश्चर्य से खुल सा गया।
इतनी देर में नंद, कंस का सारा खेल समझ गए थे।
''इस संदेह कोई कारण ?'' वे बोले, ''देवी देवकी मथुरा में बंदी हैं। महाराज के वैद्यों की देख-रेख में हैं। वे महाराज की सारी सुरक्षा-व्यवस्था को धता बता कर कब यहां आईं और कब सारे गोकुल से छिपा कर अपना पुत्र, देवी रोहिणी को देकर चली लौट गईं ?''
दिवावर्द्धन ने कुछ नहीं कहा।
''यदि ऐसा संभव हो पाया, '' नंद पुन: बोले, ''तो महाराज को चाहिए कि अपनी सेना के सारे नायकों को सूली पर चढ़ा दें। ऐसे अयोग्य सेना-नायकों का महाराज कंस की सेना में क्या काम।''
''दीदी का प्रसव, यहां नंदगांव में, उनके अपने गोकुल में हमारी साक्षी में हुआ है।'' यशोदा ने कुछ आवेश में कहा, ''मैंने स्वयं अपने इन हाथों से बलराम की नाल काटी है।''
बलराम फिर कुनमुनाया। यशोदा ने उसे एक हिलोरा दिया, ''मैंने उसे नहलाया। गर्गाचार्य ने मथुरा से उसके लिए वस्त्र भेजे। नंदगांव की सारी स्त्रियों ने सोहर गाए। जन्मोत्सव मनाया। हम सब झूठे हो गए और मथुरा में बैठे महाराज कंस के स्वप्न सत्य हो गए।''
''देखो राजपुरुष !'' नंद ने बहुत शांत स्वर में कहा, ''मथुरा राज्य की सारी प्रजा जानती है कि तुम्हारे महाराज ने अपने किसी भविष्यवक्ता के कहने पर देवी देवकी के छह पुत्रों का वध कर दिया है। यह पाप पर्याप्त नहीं है कि वे अब नए बहाने बना कर देवी रोहिणी के पुत्र का भी वध करना चाहता है।'' वे रुके, ''अपने महाराज से कहना कि क्रूरता और अत्याचार की भी कोई सीमा होती है। जो हुआ, उसे तो प्रजा स्तब्ध सी देखती रह गई; किंतु अब यह क्रम समाप्त ही हो जाए, तो अच्छा है। सबका हित इसी में है कि महाराज अपने पंजे और न फैलाएं। नहीं तो ...''
''नहीं तो ?'' दिवावर्द्धन ने भी आंखें दिखाईं।
''प्रजा का धैर्य समाप्त हो जाएगा।''
वे दोनों मौन हो गए।
रोहिणी अब तक भीतर ही भीतर खौल रही थीं। सहसा ही वे फट पड़ीं, ''मेरी भी बात सुनते जाओ राजपुरुष !''
दिवावर्द्धन ने उनकी ओर देखा।
''स्त्री जब संतान को जन्म देती है, तो प्रसव के विषय में कोई संदेह नहीं होता; न यह संदेह होता है कि जननी कौन है। शिशु की माता कौन है, इसपर आज तक संदेह नहीं किया गया। यदि कहीं कभी संदेह होता है, तो पिता के विषय में होता है। समझते हो मेरी बात ?''
''समझता हूं।''
''तुम्हारे पिता के विषय में कोई नहीं जानता। केवल तुम्हारी माता ही जानती हैं।'' रोहिणी ने कहा, ''केवल तुम्हारी माता की साक्षी पर ही तुम्हें, तुम्हारे पिता का पुत्र माना जाता है। किंतु तुम्हारी माता कौन है, इसकी साक्षी सारा समाज देगा। जाबाला तक नहीं जानती थी कि सत्यकाम का पिता कौन है; किंतु सारा संसार जानता है कि सत्यकाम की माता जाबाला थी।''
दिवावर्द्धन का चेहरा बता रहा था कि वह बुरी तरह बौखला गया है, ''इसमें मेरी माता और मेरे पिता का प्रश्न कहां से आ गया ?''
''जब दूसरों के माता-पिता को लेकर प्रश्न उठाओगे तो लोग तुम्हारे माता-पिता के विषय में भी चर्चा करेंगे। किंतु मेरा लक्ष्य वह नहीं है।'' रोहिणी ने कहा, ''मैं तो केवल इतना कहना चाहती हूं कि तुम्हारे महाराज को यह संदेह तो हुआ कि बलराम मेरा नहीं, देवकी का पुत्र है; किंतु उन्हें अपने विषय में यह संदेह क्यों नहीं हुआ कि वे उग्रसेन के पुत्र नहीं हैं ?...''
''क्या ?'' जैसे सारा परिवेश चकित रह गया था।
''जाकर पूछो अपने महाराज से कि क्या वे सत्य ही महाराज उग्रसेन के औरस पुत्र हैं ?'' रोहिणी का स्वर तप्त लोहे के समान दिवावर्द्धन के कानों को जला रहा था, ''पिता के विषय में कोई संदेह करे तो करे, मां के विषय में कोई संदेह कैसे कर सकता है ?''
बलराम के कंठ से फिर स्वर फूटा, ''मांऽऽऽ।''
रोहिणी ने उसे यशोदा की गोद से ले लिया, ''मत रो मेरे लाल ! कोई तेरा बाल भी बांका नहीं कर सकता। तेरी मां सारी सृष्टि से लड़ जाएगी, कंस तो चीज़ ही क्या है।'' उन्होंने दिवावर्द्धन की ओर देखा, ''जाओ राजपुरुष ! इससे पूर्व कि मैं कोई अनर्थ कर बैठूं। तुम चले जाओ।''
दिवावर्द्धन उठ कर जाने के लिए मुड़ा।
''और हां ! अपने राजा से उनके जनक का नाम अवश्य पूछना।'' रोहिणी ने कहा, ''उनका नहीं, जिन्होंने यह जानते हुए भी कि वह उनकी औरस संतान नहीं है, क्षेत्रज मान कर, उसका पालन-पोषण किया। उन देवतुल्य महाराज उग्रसेन को हम सब जानते हैं। उसका नाम पूछना, जिसने उसकी माता के भ्रम का लाभ उठाया था। अब जाओ तुम...।''
पेशेवर रंग-कर्मी, पेनसिलवानिया की इंडियाना यूनिवर्सिटी के डॉ. टॉम आल्ट और नई दिल्ली के ध्वनि विशेषज्ञ उमाशंकर मंथरावादी की खोज से पता चला है कि भारत में एक ऐसा स्थल है जो समस्त विश्व के ध्वनिकी प्रदरेशन कक्षों में संभवतः एकमात्र अक्षुण्ण कक्ष है और जो दूसरी शताब्दि ई.पू. में निर्मित किया गया था। उनके परीक्षणों के आरंभिक परिणामों से पता चला है कि वह वास्तव में ध्वनिक कक्ष हैं जिनमें नीचे स्वरों वाली पुरुष ध्वनि से ऊँचे स्वरों वाली नारी ध्वनि को फैलाने की क्षमता है।
भुवनेशवर के समीप स्थित 'रानी-गुफा ' नामक इस स्थल को केवल जैन ध्यान गुफाएँ समझा जाता था। शोधकर्ता आल्ट और मंथरावादी के अनुसार प्रकृति द्वारा गुफा बनती है जबकि चट्टान को काटकर बनाई गुफा 'कक्ष ' कहलाती है। कई वर्षों तक रानी गुफा के वास्तविक इतिहास के बारे में कुछ छोटी मोटी असहमतियां रही हैं।
प्रदर्शनकारी कलाओं विशेषकर उड़ीसा के लोक रंगमंच के क्षेत्र में एक जाने माने प्रितष्ठित व्यक्ति स्वर्गीय धीरेन दास ने सर्व प्रथम यह जानकारी दी थी कि इस गुफा की बनावट अन्य सामान्य गुफाओं से भिन्न और विशिष्ट है। उनकी शोध से निष्कर्ष निकल कि रानी गुफा की बनावट भरत मुनि के नाट्यशास्त्र में वर्णित बनावट के अनुसार है। नाट्यशास्त्र भारतीय नाट्यकला और रंगशाला निर्माण पर भारत का प्राचीनतम ग्रन्थ है।
अपने गहन शोध के बाद दास ने एक पुस्तक लिखी जिसमें उन्होंने उदाहरणों और कारणों से यह सिद्ध करने का प्रयास किया है कि रानी गुफा का निर्माण प्राचीन कलिंग काल में राजा खरावेला ने किया था। अपनी पुस्तक ज्ञेत्र जथ यात्रा---द थियेटर जिसका प्रकाशन भारत में 1976 में हुआ था, दास बताते हैं कि किस प्रकार यह स्थल नाट्यशास्त्र में वर्णित तीन प्रकार की रंगशालाओं में से एक के निर्माण के सभी निर्देशों का अनुकरण करता है। यह विक्राफ्ता शैली की रंगशाला है। इसके निर्माण निर्देशों के अनुसार एक ऊपरी और एक निचला मंच निर्माण शामिल है (जो रानी गुफा में है)। अपनी पुस्तक में वह लिखते हैं कि "आज भी ... इस रानी गुफा रंगशाला में कलाकारों तथा गायकों और वाद्ययंत्रों की ध्वनि का वर्धन किया जा सकता है। "
कई वर्ष तक भारत में रहने और शिक्षण कार्य करने वाले आल्ट रंगशाला बनावट के एक जाने-माने विशेषज्ञ भी हैं। उन्होंने ऐसी वास्तुशिल्प शैली पर व्यापक शोध-कार्य किया है और उनके लेख अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने और दास ने रानी गुफा पर एक साथ कुच शोध कार्य किया। आल्ट बताते हैं कि किसप्रकार 1989 में जब वह और दास साथ-साथ रानी गुफा में थे तो दास गायन स्थल पर गये और गायन आरंभ किया। आल्ट के कथनानुसार जब उन्होंने वह द्वनि और उससे उत्पन्न होने वाली प्रतिध्वनि सुनी तो उन्हें निसंदेह यह विश्वास हो गया कि वह वास्तव में मनुष्य द्वारा बनाया गया ध्वनिकी कक्ष है।
दास और आल्ट ने अपने शोद कार्य को आगे बढ़ाना था लेकिन दास के असामयिक निधन ने इन सब योजनाओं पर पानी फेर दिया। लेकिन आल्ट ने अपने शोध कार्य को जारी रखने के लिए अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन स्टडीज के अनुदान प्राप्त किए। नई दिल्ली स्थित अमेरिकन इन्स्टीट्यूट ऑफ इंडियन स्टडीज के अभिलेखागार निर्देशक शुभा चौधुरी ने उनका परिचय मंथरावादी से करवाया। मंथरावादी एक ध्वनि विशेषज्ञ हैं जो बीस वर्षों से अधिक समय से फिल्म सांउन्ड ट्रेक पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साथ मिलकर उस स्थल पर व्यापक द्वनि रिकार्डिंग और शोध-कार्य की योजना बनाई। उनके शोध कार्य से पता चला कि बनावट में रानी गुफा दुमंजिला, अंग्रेजी के 'सी' वर्ण के आकार का निर्माण है। इसके सभी तल घुमावदार हैं परन्तु ऊपरी मंजिल के कक्षों में घुमावदार चढ़ाई है। अन्य बातों में सभी तल समान हैं। मंच के दोनों तरफ कक्ष हैं जो प्रदर्शन कक्ष की तरफ खुलते हैं। दांयी तरफ चार कमरे हैं और बांयी तरफ केवल एक जो उनके अनुसार सबसे प्रतिष्ठित विशिष्ट कलाकार के लिए आरक्षित रहता होगा। सभी कमरों को प्रसाधनागार और ध्वनिकी के लिए प्रयुक्त किया जाता था।
मंच के साथ ही एक विशेष कक्ष है जो दास के अनुसार मंच संचालक का होता होगाजहां बने एक छिद्र से वह दर्शकों और प्रदर्शन को देख पाता था। प्रस्तर खंडों में कुछ सीटें गढ़ी गई हैं जिनके बारे में यह सुझाया गया है कि वे प्रदर्शन समारोह में आमंत्रित विशेष अतिथियों या गणमान्य व्यक्तियों के लिए बनी हैं। इन सीटों के ठीक सामने एक 'सुपीठम ' है जो राजा और रानी के लिए है। प्रस्तर में गढ़ी इस विशाल सीट का पृष्ठ भाग ऊंचा है और उसके दोनों ओर नक्काशी की गई है। ऊँचाई के कारण अन्य अतिथि राजा और उसके साथ सुपीठम पर बैठे अन्य व्यक्तियों को देख सकते हैं। इसके विशेष आकार के कारण मंच संचालक को भी प्रदर्शन देखते समय राजा की प्रतिक्रिया भांपने की सुविधा मिलती है।
रानी गुफा 96 फीट लम्बी और 48 फीट चौड़ी है। रंगमंडल एक खुला प्रांगण है जो 48 वर्ग फुट का है। राजा और अन्य विशेष अतिथियों के अलावा दर्शकगण नीचे बैठते होंगे।
प्रदर्शन कक्ष के पृष्ठ भाग में ऐसे कक्ष हैं जिनमें कई छिद्र हैं और यह जाँचे-परखे अनुनादी कक्ष हैं। निचले तल पर तीन कक्ष हैं जिनमें सामने की तरफ सात छिद्र हैं और एक अन्य कक्ष है जो रंगमंच पर खुलता है। ऊपरी तल पर चार कक्ष हैं जिनमें एक जूसरे के सामने दो-दो क्षिद्र हैं। इन कक्षों में पर परवलीय ढलान लाले फर्श हैं। आल्ट बताते हैं कि इन कक्षों का ध्वनि पर प्रभाव ' असाधारण ' ही कहा जा सकता है। इस स्थल पर हर तरफ अनेक सुंदर नक्काशियां हैं जिनमें संगीतकारों और नृत्यांगनाओं के अलावा ' सुपीठन' पर विराजमान राजा और रानी की दो परिचारिकाओं के साथ नक्काशी शामिल है।
रानी गुफा की ध्वनि व्यवस्था पर गहन और सफल शोध के बाद आल्ट और मंथरावादी दोनों का कहना है कि वे चाहते हैं कि रानी गुफा में एक संगीत प्रदर्शन हो जो आज के दर्शकगणों को प्राचीन भारत की कला और प्रतिभा के इस उदाहरण को सही ढंग से समझने का अवसर प्रदान करे। साथ-साथ आगन्तुक इस स्थल की उत्कृष्ट वास्तुकला का आनंद भी उठा सकते हैं।
बहुधा सुनने को मिलता है-" उसकी विसात ही क्या है जो मुझे मात दे दे?" ' यदि उसने तनिक भी " बुर्दबारी " से काम लिया होता तो यह नौबत न आती।' ' उसे अवश्य किसी की "शह" है, नहीं तो वह ऐसी चाल न चलता ', ' आखिर वह " बाज़ी " मार ही गया। ' , ' वह भी किसी का " मोहरा " बन गया है।', ' अब उसका " रुख " किधर को है ?' आदि, आदि।
आखिर हमारे जन-जीवन में इस प्रकार की शब्दावली और ऐसे मुहावरे कहाँ से आए? निश्चय ही इसके पीछे हमारा हजारों वर्षों का इतिहास और संस्कृति रही है। भाषा में किसी भी मुहावरे अथवा लोकोक्ति का जन्म अथवा प्रचलन समाज के अधिकांश लोगों द्वारा एक सी अनुभूति के लिए लम्बे समय में समान शब्दों और वाक्यांशों के प्रयोग से होता है। सार्वजनिक रूप से निरंतर अनुभूत घटना को दृष्टांत के रूप में थोड़े शब्दों में व्यक्त करने के लिए मुहावरों और लोकोक्तियों का प्रयोग होने लगता है, जो पृष्ठभूमि के रूप में किसी घटना या कहानी को व्यक्त कर देते हैं। इससे समय और शब्दों की बचत होती है।
इल प्रकार अधिकांश मुहावरे और लोकोक्तियां अपने कलेवर में एक युगीन संस्कृति और इतिहास को छिपाए रहते हैं , जो पीढ़ी दर पीढ़ी हमें विरासत में मिलते रहते हैं, जिनका प्रयोग हम सर्वमान्य सत्य के रूप में करते हैं। समय गुजर जाता है, किन्तु मुहावरे अतीत की अनुभूतियों को परोक्ष रूप से व्यक्त करते रहते हैं। यही बात ऊपर व्यक्त "बुर्दबारी ", "शह देना" , "बिसात होना", "बाज़ी मारना", "मात देना", "चाल चलना". "रुख करना", "मोहरा बनाना", आदि जैसे मुहाबरों और शब्दों से प्रकट होती है, जिन का संबंध शतरंज के खेल से रहा है। इससे पता चलता है कि हमारे देश में शतरंज कितना लोकप्रिय खेल रहा है, जिससे हमारी भाषा में इतने अधिक शब्द और मुहावरे आ गए हैं। कुछ शब्द तो हमारे दैनिक जीवन, हमारी बोल-चाल में इतने रच-बस गए हैं कि हमें अहसास ही नहीं होता कि ये शब्द शतरंज के खेल से उद्भुत हैं।
शतरंज के इतिहास पर ध्यान देने से पता चलता है कि यह एक प्राचीन और विश्वव्यापी खेल है , जिसके अविष्कार का श्रेय भारत को ही है। इस खेल की उत्पत्ति कब और कैसे हुई , निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता। एक किंवदन्ती है कि इस खेल का अविष्कार लंका के राजा रावण की रानी मंदोदरी ने इस उद्देश्य से किया था कि उसका पति रावण अपना सारा समय युद्ध में व्यतीत न कर सके। एक पौराणिक मत यह भी है कि रावण के पुत्र मेघनाथ की पत्नी ने इस खेल का प्रारंभ किया था।
वास्तविकता कुछ भी हो, किन्तु यह सत्य है कि इस खेल का प्रारंभ प्राचीन काल में भारत में हुआ था। सर विलियम जोन्स ने 1790 में एशियाटिक रिसर्च में अपने लेख में लिखा है कि हिन्दुस्तान ही शतरंज का पालना था। भारतीय साहित्य में सर्वप्रथम इसका उल्लेख सातवीं सदी के सुबन्धु रचित "वासवदत्ता " नामक ग्रन्थ में मिलता है। बाणभट्ट रचित "हर्ष चरित्र "में भी "चतुरंग" नाम से इस खेल का उल्लेख किया गया है। इससे सपष्ट है कि यह एक राजसी खेल था और मनोरंजन के साथ-साथ इसमें विज्ञान और कला का भी समावेश था। बुद्धि एवं विवेक पर आधारित होने के कारण इससे मनोविनोद के साथ-साथ बुद्धि का विकास भी होता था। प्राचीन काल में इसे 'चतुरंग' अर्थात् सेना का खेल कहा जाता था। चतुरंग (सेना) में चार अंग होते थे- पैदल , अश्वारोही, रथ और गज। इसीलिए इस खेल के नियम बहुत कुछ युद्ध जैसी प्रथा पर आधारित हैं। भारत से यह खेल धीरे-धीरे पड़ौसी देशों में पहुँचा। पहले यह ईरान गया। मध्य युग में इस्लाम दर्म के उत्थान के साथ यह खेल पस्चिमी एशिया के देशों विशेषकर अरब देश में पहुँचा। ख़लीफाओं के शासन में यह खूब लोकप्रिय हुआ। वहाँ से यूरोप के देशों में पहुँचा। इन्साइक्लोपीडिया ब्रिटैनिका के अनुसार शतरंज की उत्पत्ति भारत में हुई और वहीं से चलकर यह पश्चिम में 7वीं सदी में अपने रूप में पहुँचा था। फारसी भाषा में इसका प्रयोग "शतरंग" नाम से हुआ, जो विकृत होकर अरबी में 'शतरंज' हो गया। अमीर खुसरो भी इसे भारत का अविष्कार मानते थे। अपने प्रसिद्ध ग्रन्थ 'नूह-सिपहर' के तीसरे अध्याय में वे लिखते हैं-
'हुज्जते-शश बाजिए-शतरंज शनव
रज कह अज सीनेह बदरंज शनव। '
अर्थात् छटी दलील शतरंज का खेल है जो अत्यंत रोचक है। यह भी हिन्दुस्तान की देन है।
मुग़लकाल में भारत में इसका विशेष प्रचलन हुआ। मुग़ल बादशाह ने इस खेल में विशेष रुचि दिखाई। प्रसिद्ध है कि मुगल बादशाह इस खेल में सजीवता लाने के लिए प्यादे, फर्जी और ऊँट आदि को वास्तविक रूप में शतरंज की बिसात पर लाते थे। वे सजीव मोहरों का भी प्रयोग करते थे। जो बेहद कौतुहलपूर्ण और दर्शनीय होता था। शाही परिवारों , नवाबों और मनसबदारों तथा सैनिकों में खूब लोकप्रिय हुआ। फलतः जनसाधारण के लिए यह मनोरंजन का साधन बना। इसी कारण से इसका प्रभाव भारतीय जनजीवन और भाषा पर भी पड़ा, जिसके परिणामस्वरूप हमारी भा, में भी इस खेल से संबन्धित अनेक मुहावरों और शब्दों का समावेश हो गया, जो आज भी प्रचलित हैं। इनमें से कुछ शब्दों तथा मुहावरों का उल्लेख यहां किया जा सकता है।
शतरंज के खेल में विभिन्न आकृतियों के दो रंगों के लकड़ी आदि के मोहरे होते हैं। एक काले और दूसरे सफेद, जो संख्या में 16-16 होते हैं। एक पक्ष में 16 मोहरों में एक बादशाह, एक फर्जी (वज़ीर) , दो रुख (हाथी) , दो ऊँट (फ़ीलें), दो घोड़े और आठ प्यादे होते हैं। सारा खेल इन्ही मोहरों की चाल पर निर्भर करता है। मोहरे चूँकि बेबस होते हैं और इनका चालक कोई और होता है, इसलिए हमारी भाषा में किसी का मोहरा बनना मुहावरा आ गया। हम सब शतरंज के मोहरे हैं। कपड़े आदि के जिस चौकोर टुकड़े पर शतरंज खेली जाती है, उसे बिसात कहते हैं। इसी शब्द से बिसात होना मुहाबरा आया। जैसे उसकी बिसात ही क्या है, जो इतना बड़ा काम करता। उर्दू के प्रसिद्ध कवि जौक ने एक शेर में इस शब्द को लेकर कितना सुन्दर रूपक अलंकार प्रस्तुत किया है-
"कम होंगे इस बिसात पे मुझ जैसे बद्कुमार।
जो चाल हम चले, सो निहायत बुरी चले। "
सामान्य रूप से काम आने वाली छोटी-मोटी चीजें को कपड़े बिछाकर बेचने वालों को भी इसीलिए "बिसाती" कहते हैं। सब जानते हैं कि वह "बिसात-खाने" की सभी चीजें रखता है।
विभिन्न रंगों की सूत की दरी को "शतरंजी" कहा जाता है, जो बहुधा विवाह-शादियों और अन्य उत्सवों में बिछाई जाती हैं। इसकी व्युत्पत्ति भी शतरंज खेल से हुई है। ऐसी दरी पहले शतरंज के खेल में प्रयुक्त होती थी। बाद में सामान्य रंग-बिरंगी बड़ी दरियां भी "शतरंजी" कहलाने लगी।
शतरंज का एक बार का खेल "बाज़ी" कहलाता है। इससे अनेक मुहावरों और शब्दों को जन्म मिला है, जैसे -"बाज़ी मारना" (विजयी होना) "बाज़ी लगाना" (शर्त लगाना) "बाज़ीगर/बाज़िन्द" ( चालाक खिलाड़ी) , "बाज़ी- चह" ( खिलौना) आदि। मिर्जा ग़ालिब ने भी कहा था-
"बाज़ी-चहे-इतफाल है दुनिया मेरे आगे
होता है शबो रोज़ तमाशा मेरे आगे।।"
"चाल चलना" ( तरकीब निकालना) भी इसी खेल से उद्भुत मुहावरा है, जिसका सर्वत्र प्रयोग होता है। हिंदी के प्रसिद्ध कवि नीरज ने कहा है -
"खत्म हुआ कुछ इस तरह से जिन्दगी का सफर ,
चाल चलती गई , गोट पिटती रही।"
इसी प्रकार "चाल में आना" (धोखे में आना) ,"चाल पर पड़ना" (युक्ति विफल होना) भी इसी खेल से उद्भुत मुहावरे हैं। 'चालबाज़' भला किसको धोखा नहीं देता। शतरंज के खेल में यदि बादशाह पर विरोधी खिलाड़ी का मोहरा जद दे, तो कहा जाता है कि बादशाह को 'शह ' पड़ी है। इसी से यह मुहावरा भी आया है "मात देना" अर्थात् परास्त कर देना। जैसे- आपने तो सभी को मात दे दी। अबकी बार वह "मात खा" गया आदि मुहावरों का स्त्रोत भी यही खेल है।
"बुर्दबारी" का अर्थ है- सहनशीलता, गंभीरता। यह शब्द "बुर्द" से बना है। जिसका अर्थ शतरंज की वह बाजी है, जिसमें आधी मात मानी जाती है और हारने वाले के पास बादशाह के सिवाय कोई मोहरा नहीं रहता।
'शातिर' का उद्गम भी इसी खेल से हुआ है , जिसका अर्थ चालाक और काइयां है। मूल रूप में शतरंज के दक्ष खिलाड़ी को 'शातिर' कहा जाता था। इसी प्रकार कुछ और शब्द जैसे "जद" (चोट) रुख , ऐराव आदि भी इसी खेल से संबन्धित हैं।
शतरंज में "प्यादा" सीधा चलता है और "फर्जी " टेढ़ा भी चल सकता है इसलिए हिन्दी के प्रसिद्ध कवि रहीम ने तत्कालीन समाज में शायद पदन्नति पर होने वाली ऐंठ को व्यक्त करने के लिए इसका सुन्दर प्रयोग किया था-
"प्यादे से फर्ज़ी भयो, टेढ़ो-टेढ़ो जाए।"
इस प्रकार हम देखते हैं कि भारतीय जन-जीवन और भाषा पर शतरंज के खेल की अमिट छाप विद्यमान है। हिन्दी में अनेक मुहावरों और प्रवृत्तियों का जन्म इसी के आधार पर हुआ था।
बहुत समय पहले की बात है जब सृष्टि की शुरुआत ही हुई थी । दिन और रात नामके दो प्रेमी थे। दोनों में खूब गहरी पटती थी। पर दोनों का स्वभाव बिल्कुल ही अलग-अलग था। रात सौंदर्य-प्रिय और आराम-पसंद थी तो दिन कर्मठ और व्यावहारिक। रात को ज्यादा काम करने से सख्त नफरत थी और दिन काम करते-करते न थकता था। रात आराम करना और सजना संवरना पसंद करती थी तो दिन हरदम दौड़ते भागना रहना।
रात आराम से धीरे-धीरे बादलों की लटों को कभी मुँह पर से हटाती तो कभी वापस फिरसे चेहरे पर डाल लेती। कभी सारे तारे पिरोकर पायल बनाती तो कभी वापस उन्हें अपनी चूनर पर टाँक लेती। लेटी-लेटी घंटों बहती नदी में चुपचाप अपनी परछांई देखती रहती। कभी चंदा सी पूरी खिल जाती तो कभी सिकुड़कर आधी हो जाती। दूसरी तरफ बौखलाया दिन भर लाल चेहरा लिए हाँफता, पसीना बहाता, हर काम जल्दी-जल्दी निपटाने की फिकर में लगा रहता।
आमने-सामने पड़ते ही दिन और रात में हमेशा बहस शुरु हो जाती। दिन कहता काम ज्यादा जरूरी है और रात कहती आराम। दोनों अपनी-अपनी दलीलें रखते, समझने और समझाने की कोशिश करते पर किसी भी नतीजे पर न पहुँच पाते। जान नहीं पाते कि उन दोनों में आखिर कौन बड़ा है, ज्यादा गुणी है...सही या महत्वपूर्ण है। हारकर दोनों अपने रचयिता के पास पहुँचे। भगवान ने दोनों की बात बड़े ध्यान से सुनी और समझाया कि मुझे तो तुम दोनों का महत्व बिल्कुल बराबर का लगता है, तभी तो मैने तुम दोनों को ही बनाया और अपनी सृष्टि में बराबर का आधा-आधा समय दिया। गुण-अवगुण कुछ नहीं, एक ही पहलू के दो दृष्टिकोण हैं। हर अवगुण में गुण बनने की क्षमता होती है। पर रात और दिन को उनकी बात समझ में न आई और वहीं पर फिरसे उनमें वही तू-तू, मैं-मैं शुरू हो गई।
हारकर भगवान ने समझाने की बजाय, थोड़े समय के लिए रात को दिन की उजाले वाली चादर दे दी और दिन को रात की अँधेरे वाली, ताकि दोनों खुद ही फैसला कर सकें। एक-दूसरे के मन में जाकर एक दूसरे का स्वभाव और जरूरतें भी समझ सकें। तकलीफ और खुशियां भी महसूस कर पाएँ। और उस दिन से आजतक सुबह बनी रात जल्दी-जल्दी अपने सारे काम निपटाती है। और साँझ बने दिन को आराम का महत्व समझ में आने लगा है। अब वह रात को निठल्ली और आलसी नहीं कहता, बल्कि थकने पर खुद भी आराम करता है और ना ही रात उसे जल्दबाज और भड़भड़िया समझती है। सुनते हैं अब तो दोनों में कोई बहस भी नहीं होती क्योंकि दोनों ही जान जो गए हैं कि कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। सबके बस अपने-अपने काम, अपनी-अपनी योग्यता और जरूरतें होती हैं। इस दुनिया में कोई भी कम या ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं। जीवन सुचारु और शान्तिमय हो इसके लिए काम और आराम दोनों ही जरूरी हैं। आराम के बिना काम थक जाएगा और काम के बिना आराम परेशान हो जाएगा।
अब दिन खुश-खुश सूरज के संग आराम से कर्मठता का संदेश देता है। जीवन पथ को उजागर करता है और रात चंदा की चांदनी ले-लेकर घर-घर जाती है। थकी-हारी दुनिया को सुख-शान्ति की नींद सुलाती है। हर सुबह-शाम वे दोनों आज भी अपनी चादर बदल लेते हैं---प्यार से एक-दूसरे के गले मिलते हैं, इसीलिए तो शायद दिन और रात का वह संधि-पल जिसे हम सुबह और शाम के नाम से जानते हैं सभीको इतने सुखद और सुहाने लगते हैं। कौन जाने यह विवेक का जादू है या संधि और सद्भाव का या फिर उस संयम का जिसे हम प्यार से परिवार कहते हैं।
तो बच्चों, शायद सचमें अच्छा-बुरा कुछ नहीं होता। प्यार और नफरत बस हमारी अपनी जरूरतों का नाम है, खुद हमारी अपनी परछांइयां हैं...पर यदि हम कोण बदल लें तो परछांइयां भी तो घट और बढ़ जाती हैं!